मोहाली में महिला अधिकारी से रेप, 25 लाख भी ठगे:उच्चाधिकारी पर आरोप, बोली- निवेश झांसा, नई कार भी हड़पी, ब्लैकमेल कर शोषण

मोहाली के सिटी थाना खरड़ पुलिस ने महिला बीमा अधिकारी की शिकायत पर जयपुर निवासी एक वरिष्ठ बीमा अधिकारी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपी पर ठगी, ब्लैकमेल, छेड़छाड़ और दुष्कर्म के आरोप हैं। पीड़िता खरड़ की एक कॉलोनी में रहती है और पंचकूला स्थित एक निजी बीमा कंपनी में अधिकारी पद पर कार्यरत है। महिला ने आरोप लगाया कि जब वह पहले एक अन्य इंश्योरेंस कंपनी में कार्यरत थी, तब उसके वरिष्ठ अधिकारी रवि शारस्वत और उनके सहयोगी अरविंद कुमार शर्मा ने उसे विश्वास में लिया। इसके बाद उन्होंने उसका आर्थिक और शारीरिक शोषण किया। एसएसपी के आदेश पर पुलिस ने आरोपी रवि शारस्वत के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 316(2), 74, 75, 351(2) और 64 सहपठित 62 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। सह-आरोपी अरविंद कुमार शर्मा की भूमिका की भी जांच की जा रही है। महिला ने बताई शोषण की कहानी: रुपये हड़पने से लेकर दुष्कर्म तक निवेश के नाम पर लिए रुपये और हड़प लिए: पीड़िता के अनुसार, नवंबर 2023 में उसकी माता के निधन के बाद उसे पैतृक संपत्ति मिली थी। रवि ने उसे संपत्ति बेचने के बाद मिली राशि को निवेश करने के लिए प्रेरित किया। महिला ने नवंबर 2024 में रवि को 5 लाख रुपये और फरवरी 2025 में जयपुर में 20 लाख रुपये नकद दिए, जिन्हें आरोपी ने हड़प लिया। BH सीरीज का नंबर दिलाने के बहाने नई कार हड़प ली: जनवरी 2025 में जब महिला को नई कार खरीदनी थी, तो रवि ने ‘BH सीरीज’ नंबर दिलाने के बहाने कार अपने नाम पर करवा ली। पुरानी कार 4.90 लाख रुपये में एक्सचेंज की गई और शेष 4.49 लाख रुपये आरटीजीएस के माध्यम से भुगतान किए गए। आरोपी ने बाद में इस कार को अपनी संपत्ति बताते हुए महिला को कानूनी नोटिस भी भेजा। पति को छोड़कर शादी का बनाया दबाव: महिला ने यह भी बताया कि रवि ने उस पर कई बार अपने पति को छोड़कर उससे शादी करने का दबाव बनाया। इस संबंध में वह लगातार अलग-अलग तरीकों से झांसा देता रहा। इनकार करने पर उसे बदनाम करने और करियर बर्बाद करने की धमकियां दी गईं। मीटिंग के बहाने बुलाकर दुष्कर्म किया: आरोपी ने एक बार खरड़ स्थित उसके घर पहुंचकर जबरन छेड़छाड़ की। इसके अलावा, जयपुर और अन्य स्थानों पर मीटिंग के बहाने बुलाकर शारीरिक संबंध बनाए। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि उसे देर रात अश्लील कॉल, गाली-गलौज और परिवार को जान से मारने की धमकियां दी गईं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *