मोहाली जिले के डेराबस्सी के रामलीला मैदान के पास जैन स्कूल के गेट के सामने युवकों के बीच हिंसक झड़प हुई, जिसमें चाकू का इस्तेमाल किया गया। इस घटना में दो युवक घायल हो गए। भीड़भाड़ वाले इलाके में हुई इस वारदात से दहशत फैल गई, जिसकी पूरी फुटेज पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। घायल युवकों में से एक को सिविल अस्पताल डेराबस्सी में भर्ती कराया गया है। दूसरा युवक घायल अवस्था में मौके से फरार हो गया। सीसीटीवी फुटेज करीब डेढ़ मिनट की बताई जा रही है। यह घटना बुधवार दोपहर करीब डेढ़ बजे हुई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इसके पीछे पुरानी रंजिश बताई जा रही है।सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि झड़प के दौरान लात-घूंसों के अलावा चाकू, ईंट और पत्थरों का भी इस्तेमाल किया गया। हिंसक युवकों को देख पीछे हटे लोग कुछ लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन युवकों के हिंसक तेवर देख वे पीछे हट गए। फुटेज में बाइक पर सवार तीन युवक नजर आ रहे हैं, जिनमें से एक की कहासुनी के बाद झड़प शुरू हुई। उसके साथ आए दो युवक मौके से खिसक गए। दूसरी ओर कुछ युवक पैदल जाते दिखाई दे रहे हैं। घटनास्थल की गली में खून बिखरा मिला, जिससे संघर्ष की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुमित मोर ने बताया कि सार्वजनिक स्थान पर इस तरह का फसाद कर दहशत फैलाने का प्रयास किया गया है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर करीब आधा दर्जन अज्ञात युवकों के खिलाफ सार्वजनिक स्थान पर दहशत फैलाने और मारपीट का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और इस्तेमाल किए गए हथियारों की जांच की जा रही है।


