मोहाली के खरड़ शादी डॉट कॉम के जरिए शादी करने वाली विवाहिता ने पति और ससुराल वालों पर धोखाधड़ी, दहेज प्रताड़ना, मारपीट और जान से मारने की धमकी का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। जिस पर कल देर रात एफआईआर दर्ज हुई है। पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसके पति ने शादी से पहले खुद को बड़ा कारोबारी बताया, लेकिन शादी के बाद वह नशे का आदी निकला। इसके अलावा, पति ने उसके नाम पर लोन लेकर पैसे हड़प लिए और उसे दहेज की मांग के लिए प्रताड़ित किया। 50 लाख की शादी, ससुराल ने सब हड़प लिया
पीड़िता ने बताया कि 26 नवंबर 2022 को नानकसर रोड, भदौड़ (बरनाला) निवासी गुरप्रीत सिंह के साथ सिख रीति-रिवाजों के अनुसार मोहाली में विवाह हुआ। पिता ने हैसियत से बढ़कर शादी में 50 लाख रुपए खर्च किए और दहेज में हर छोटा-बड़ा सामान दिया। लेकिन ससुराल वालों ने दहेज का सारा सामान अपने कब्जे में ले लिया और उसे इस्तेमाल करने भी नहीं दिया। शादी से पहले गुरप्रीत ने खुद को बड़ा बिजनेसमैन बताया था और कहा था कि उसके पास कई ट्रक हैं। शादी के बाद पता चला कि वह नशे का आदी है। शादी के बाद पति ने पीड़िता के नाम पर लोन लिए और सारी रकम हड़प ली। इसके बाद पति ने पीड़िता की नौकरी छुड़वा दी और उसे आर्थिक तंगी में डाल दिया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसका जेठ उस पर बुरी नजर रखता था और कई बार छेड़छाड़ की कोशिश की। जब उसने इस बारे में सास और पति को बताया, तो उसे ही दोषी ठहराया गया और बुरा-भला कहा गया। पंचायती स्तर पर भी बात नहीं बनी
पीड़िता ने बताया कि ससुराल वालों ने उसके पिता के रिटायरमेंट लाभ और भाई की विदेश कमाई का लालच करते हुए लगातार दहेज की मांग की। जब दहेज नहीं मिला तो उसे बुरी तरह मारा-पीटा गया। जुलाई 2023 में किसी तरह मायके आकर जान बचाई। ससुराल वालों ने खुद को निर्दोष साबित करने के लिए महिला थाने में झूठी शिकायत दर्ज करवाई, ताकि मानसिक दबाव में पीड़िता उनके पक्ष में समझौता कर ले। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने पति गुरप्रीत सिंह के खिलाफ आईपीसी की धारा 406 (आपराधिक विश्वासघात) और 498ए (दहेज प्रताड़ना) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


