मोहाली में रिलेशनशिप में युवती को महंगे गिफ्ट और नकद पैसे देने के बाद सामान वापस मांगने पर युवक पर चाकू से हमला करवा दिया। इस घटना के बाद खरड़ पुलिस ने युवती और उसके साथी के खिलाफ केस दर्ज किया है। खरड़ निवासी सुशांत, जो बिहार का रहने वाला है, ने बताया कि मई से उसकी दोस्ती एक युवती से थी। रिलेशनशिप के दौरान उसने युवती को आईफोन-15, कंप्यूटर खरीदने के लिए 70 हजार रुपए और 2.28,लाख रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर किए। रिश्ता टूटने के बाद जब सुशांत ने अपने गिफ्ट और रकम वापस मांगी, तो युवती ने पहले 50 हजार रुपए पेटीएम से लौटा दिए। लेकिन आईफोन, कंप्यूटर और बाकी रकम वापस नहीं की। सुशांत ने पुलिस को बताया कि पिछले दिन जब वह खरड़ की एक बेकरी के पास खड़ा था, तब युवती के साथी सरब सिंह ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। उसने जान से मारने की धमकी दी और गर्दन पर वार किया। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घायल सुशांत को सिविल अस्पताल खरड़ में भर्ती कराया गया। उसकी शिकायत पर पुलिस ने युवती और सरब सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।


