प्रदेश में आ रही शुष्क और ठंडी हवा के कारण उत्तरी छत्तीसगढ़ में कड़ाके की सर्दी शुरू हो गई हैं। यहां रात का तापमान सामान्य से तीन-चार डिग्री नीचे तक पहुंच गया है। प्रदेश के बाकी हिस्सों में भी पिछले सप्ताह की तुलना में ठंड बढ़ गई है। मैदानी इलाकों में दुर्ग सबसे ठंडा (9.4 डिग्री)रहा। वहीं, सरगुजा का मैनपाट कड़ाके की ठंड से ठिठुर रहा है। खुले मैदान व पौधों की पत्तियों पर ओस की बूंदें जमकर बर्फ बन रही हैं। इस बीच गुरुवार को यहां का न्यूनतम तापमान 3 डिग्री दर्ज किया गया। प्रदेश के सभी हिस्सों में न्यूनतम तापमान में गिरावट का दौर शुरू हो गया है। बुधवार की तुलना में गुरुवार को सभी जगह रात के तापमान में एक से दो डिग्री की गिरावट आई है। राजधानी रायपुर में न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री रिकार्ड किया गया। यह सामान्य से 1.9 डिग्री कम है। बुधवार को यह 13.2 डिग्री रिकार्ड किया गया था। पिछले 24 घंटे में करीब एक डिग्री की गिरावट आई है। सरगुजा संभाग के अंबिकापुर और पेंड्रारोड में न्यूनतम तापमान 6 और 6.9 डिग्री रहा। यह सामान्य से 3 और 4.3 डिग्री कम है। यहां शीतलहर जैसे हालात हैं। दुर्ग में भी अच्छी ठंड पड़ रही है। यहां न्यूनतम तापमान 09.4 डिग्री रहा। यह सामान्य से 4.5 डिग्री कम है। यहां शीतलहर चलने लगी है। प्रदेश का दक्षिणी हिस्सा अपेक्षाकृत कम ठंडा है। जगदलपुर में न्यूनतम तापमान 13.7 डिग्री रिकार्ड किया गया। यह नार्मल से 1.8 डिग्री अधिक है।