मौसम का हाल:बलरामपुर में 5.2 डिग्री, प्रदेश में सबसे ठंडा; रविवार से हवा की दिशा बदलने पर चढ़ेगा रात का तापमान

प्रदेश में पिछले दो-तीन दिन सर्दी पड़ने के बाद अब अगले एक-दो दिन ठंड से राहत रहेगी। शनिवार को न्यूनतम तापमान स्थिर रहेगा। रविवार से हवा की दिशा बदलेगी। इससे रात के तापमान में हल्की वृद्धि हो जाएगी। ऐसा रविवार और सोमवार दो दिन रहेगा। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि मंगलवार से पश्चिमी विक्षोभ बनने लगेगा। इस सिस्टम के कारण हवा की दिशा उत्तरी होगी और एक बार फिर से रात के तापमान में कमी आने के साथ ठंड बढ़ने लगेगी। शुक्रवार को प्रदेश में अच्छी ठंड रही। प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर रात का तापमान सामान्य से कम रहा। उत्तरी इलाके में शीतलहर जैसे हालात रहे। बलरामपुर में पारा 5.2 डिग्री रहा और वह प्रदेश में सबसे ठंडा रहा। अंबिकापुर में रात का तापमान 5.4 डिग्री रिकार्ड किया गया। यह सामान्य से 3.3 डिग्री कम रहा। पेंड्रारोड में भी काफी ठंड रही। यहां पारा 7.6 डिग्री रहा। यह नार्मल से 2.6 कम था। मैदानी इलाकों में दुर्ग सबसे ठंडा रहा। दुर्ग में रात का तापमान 8.9 डिग्री तक गिर गया था। यह सामान्य से 4.5 डिग्री कम है। इस स्थिति में शीतलहर चलने लगती है। पूरे प्रदेश में मौसम साफ है। इस वजह से दिन का तापमान सभी जगहों पर सामान्य से अधिक और रात का पारा नार्मल से कम है। रायपुर में अधिकतम तापमान 30 डिग्री रहा, जो सामान्य से 2.6 डिग्री अधिक है, लेकिन रात में पारा 12.9 रिकार्ड किया गया। यह नार्मल से 0.7 डिग्री कम है। मौसम विज्ञानी डा. गायत्री वाणी कांचिभ के अनुसार शुक्रवार तक प्रदेश में हवा की दिशा उत्तरी है। शनिवार से इसमें थोड़ा बदलाव आने की संभावना है। यह स्थानीय प्रभाव के कारण हो रहा है। रविवार से सोमवार तक न्यूनतम तापमान में एक-दो डिग्री की वृद्धि होगी। इसके बाद उत्तर भारत में फिर से पश्चिमी विक्षोभ बन रहा है। इसके बनते ही हवा की दिशा फिर से उत्तरी होगी और रात के तापमान में गिरावट शुरू हो जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *