राजधानी रायपुर में रात का न्यूनतम तापमान बढ़ने से ठंड कुछ कम हो गई है। पारा सामान्य से ज्यादा हो गया है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि बुधवार-गुरुवार तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन उसके बाद फिर बढ़ोतरी शुरू होगी। इससे ठंड में और कमी आएगी। प्रदेश में हवा की दिशा बदलने के कारण पिछले दो-तीन दिनों से ठंड लगातार कम हो रही है। उसके पहले तक न्यूनतम तापमान सामान्य से कम था। ये बढ़ते-बढ़ते सामान्य के बराबर पहुंचा और मंगलवार को सामान्य से ऊपर पहुंच गया।
मौसम विभाग के रिकार्ड के अनुसार पारा मंगलवार को 15.3 डिग्री रिकार्ड किया गया। यह सामान्य से 1.9 डिग्री अधिक है। सुबह हवा में नमी 86 फीसदी थी। यह शाम तक 45 प्रतिशत के आसपास पहुंच गई। दिन का तापमान भी 29 डिग्री रहा। यह भी नार्मल से 1.5 डिग्री अधिक है। 10 जनवरी से उत्तर-पश्चिम भारत में एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। दो दिनों बाद रात के तापमान में दो से तीन डिग्री की वृद्धि होगी।