मौसम का हाल:सर्दी विदाई की ओर, दिन का पारा 28 डिग्री पार, रात 12 डिग्री के करीब

फरवरी के दूसरे सप्ताह में ही अंचल में सर्दी विदाई की ओर बढ़ने लगी है। इसकी सबसे बड़ी वजह लगातार निकल रही चटक धूप है। दिन का तापमान तीन दिनों से 28 डिग्री सेल्सियस के पार बना हुआ है, जो सामान्य से 3.1 डिग्री अधिक दर्ज किया जा रहा है। मौसम के इस बदले रुख से सुबह-शाम की हल्की ठंड अब धीरे-धीरे कम होने लगी है। मौसम विभाग के अनुसार सर्दी की विदाई का संकेत तब माना जाता है, जब न्यूनतम तापमान लगातार 12 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना रहता है। मौजूदा हालात को देखते हुए अनुमान है कि फरवरी के दूसरे सप्ताह के अंत तक रात का पारा 12 डिग्री के पार पहुंच सकता है। ऐसे में अंचल से सर्दी की औपचारिक विदाई मानी जाएगी। दिन का पारा सामान्य से 3 डिग्री के ऊपर चल रहा है। जबकि रात का पारा सामान्य के करीब है। हालांकि मौसम पूरी तरह स्थिर नहीं है। अफगानिस्तान के ऊपर एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, जिसका असर अगले दो से तीन दिन बाद देखने को मिल सकता है। इसके प्रभाव से रात के तापमान में बढ़ोतरी होगी, जबकि बादल छाने की स्थिति में दिन का पारा कुछ गिर सकता है। फिलहाल अगले दो दिन मौसम साफ रहने की संभावना है। पिछले वर्ष भी लगभग इसी समय सर्दी की विदाई हो गई थी। 12 फरवरी को न्यूनतम तापमान 12 डिग्री के पार पहुंच गया था, जिसके बाद ठंड का असर खत्म मान लिया गया था। भास्कर एक्सपर्ट वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक डॉ. दिव्या सुरेंद्रम ने बताया कि पिछले दिन की तुलना में अधिकतम तापमान 0.6 डिग्री की बढ़त के साथ 28.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.1 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 0.6 डिग्री की गिरावट के साथ 10.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.7 डिग्री अधिक है। सुबह की आर्द्रता 97 फीसदी दर्ज की गई, जबकि शाम को यह 48 फीसदी रही। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिन मौसम साफ रहेगा। इससे दिन और रात दोनों तापमान में बढ़ोतरी दर्ज होगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *