मौसम ने ली करवट:राजधानी में 5 दिन में रात का पारा 6.2 डिग्री तक लुढ़का, सर्द हवा जारी, ठिठुरन बढ़ी, फिलहाल राहत के आसार कम

लगातार चल रही सर्द हवा और लुढ़कते पारे ने ठंड बढ़ा दी है। राजधानी में पारा लगातार गोते लगा रहा है, सर्द हवाओं से ठिठुरन और गलन बढ़ गई। शहर में 5 दिन में पारा 6.2 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़का है और बीती रात न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री पर आ गया। 7 दिसंबर की रात को न्यूनतम तापमान 13.0 डिग्री सेल्सियस तक रिकॉर्ड हुआ था, जो सामान्य से 3 डिग्री ज्यादा था। न्यूनतम तापमान अब सामान्य से 2.9 डिग्री नीचे है। वहीं दिन में भी सर्द हवा चलने से 23.0 डिग्री दर्ज हुआ, जो सामान्य से 2.2 डिग्री कम है। 4-5 दिन सर्द हवा चलेगी: मौसम विभाग ने राजधानी जयपुर सहित 11 शहरों में कोल्ड वेव का अलर्ट जारी किया है। उत्तरी इलाकों से लगातार सर्द हवा चलने से फिलहाल 4-5 दिन कड़ाके की सर्दी से राहत के आसार कम हैं। दिन-रात का तापमान 2 से 3 डिग्री लुढ़क सकता है। मौसम विभाग के अनुसार शीतलहर की स्थिति लगातार बनी रहने से ठंड बढ़ेगी। बनने लगे रैन-बसेरे… मालवीय नगर, जेकेलोन अस्पताल, रामनिवास बाग, गांधीनगर, रेलवे स्टेशन, 200 फीट बायपास, विद्याधर नगर, ट्रांसपोर्ट नगर, खासाकोठी पुलिया, परमानंद हॉल, सहकार मार्ग, सी-स्कीम, हसनपुरा पुलिया पर 50 से लेकर 100 बेड तक के अस्थायी रैन बसेरे बनाए जा रहे हैं। 11 रैने बसेरे 15 ​​दिसंबर से शुरू होंगे। 2008 में 0 डिग्री ​​​​​ पहुंचा था शहर का पारा… बीते सालों में दिसंबर के आखिर में जाकर कड़ाके की सर्दी पड़ती है। इस बार सर्दी का सीजन देरी से आया, लेकिन अब अचानक पारा लुढ़कने लगा है। 10 साल में 6 बार दिसंबर में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री से नीचे गया है। राजधानी में ऑल टाइम रिकॉर्ड 2008 में जीरो दर्ज हुआ था। आगे क्या : दो हफ्ते कड़ाके की ठंड पड़ने के आसार हैं। 15 -21 दिसम्बर तक दिन-रात का पारा सामान्य से नीचे रहेगा और कोल्ड वेव चलेगी। आखिरी हफ्ते में पारा 5 डिग्री से नीचे जाने का अनुमान है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *