मौसम ने ली करवट, दोपहर बाद कोंडागांव में रिमझिम बारिश

भास्कर न्यूज | कोंडागांव जिला मुख्यालय में सोमवार की दोपहर बाद अचानक मौसम ने करवट ली है, जिससे मुख्यालय सहित आसपास के क्षेत्रों में रिमझिम बारिश शुरू हो गई। सुबह तक तेज धूप और सामान्य गर्मी महसूस हो रही थी, लेकिन दोपहर बाद आसमान में बादल घिरने लगे और ठंडी हवाओं के साथ हल्की वर्षा होने लगी। अचानक हुई बारिश से मौसम सुहाना हो गया और तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। मौसम में आए इस बदलाव के पीछे हवा के दबाव में परिवर्तन और ऊपरी वायुमंडल में नमी बढ़ना मुख्य कारण माना जा रहा है। पश्चिमी दिशा से आए हल्के मौसमी सिस्टम और स्थानीय तापमान के अंतर से बादल सक्रिय हुए, जिससे हल्की वर्षा हुई। इस बारिश का रबी फसलों पर मिला-जुला असर देखने को मिल सकता है। गेहूं, चना और सब्जी के फसलों को नमी मिलने से लाभ होगा और मिट्टी की सतह ठंडी रहने से पौधों की वृद्धि में मदद मिलेगी। हालांकि यदि नमी अधिक समय तक बनी रहती है या लगातार वर्षा होती है तो फसल प्रभावित हो सकती है तथा खेतों में जलभराव से जड़ों को नुकसान होने की आशंका भी रहती है। मौसम में अचानक बदलाव से स्वास्थ्य पर भी प्रभाव पड़ सकता है। नमी बढ़ने से बच्चों और बुजुर्गों में सर्दी-खांसी, वायरल संक्रमण और एलर्जी जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *