राजधानी में पिछले 24 घंटे में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हुई है। इसके बावजूद सर्दी से राहत नहीं है। अधिकतम तापमान 1.3 डिग्री बढ़कर 19.8 पर पहुंच गया। न्यूनतम तापमान 0.4 डिग्री की मामूली बढ़ोतरी के साथ 8.2 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। सुबह घना कोहरा छाए रहने से विजिबिलिटी प्रभावित हुई। मौसम शुष्क होने के बाद उत्तरी हवाओं का प्रभाव बढ़ा और दिन में ठिठुरन रही। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो-तीन दिन मौसम साफ रहने के साथ ही धूप खिलेगी और तापमान में भी 2 से 3 डिग्री बढ़ोतरी होने का अनुमान है। इसके बाद 22 को नया सिस्टम सक्रिय होगा, जिससे मावठ के आसार हैं। नए सिस्टम से मावठ हुई तो 11 दिन में तीसरी बार होगी मौसम विभाग के अनुसार 22 जनवरी को एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के आसार हैं। इससे उत्तरी हवाओं का प्रभाव कम होगा और रात का तापमान बढ़ेगा। 22 को जयपुर संभाग में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। इसके बाद कोहरा छाएगा और तापमान फिर से लुढ़कने से सर्दी बढ़ेगी। बता दें कि इस माह 11 जनवरी और 15 जनवरी को भी मावठ हुई थी।


