बाड़मेर में पिछले 3-4 दिन से चल रही ठंडी हवा की रफ्तार थम गई है, लेकिन सर्दी का असर कम नहीं हुआ है। वजह ये है कि इन दिनों पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी से मैदान इलाकों में सर्दी ने असर दिखाना शुरू कर दिया है। इससे सुबह के समय कोहरा छाया रहा। वहीं इसके बाद आसमान में हल्के बादल छाए। हवा की रफ्तार थमने से शीत लहर का असर कम हुआ है, लेकिन सर्दी अब भी बरकरार है। रविवार को बाड़मेर का अधिकतम पारा 26.8 और न्यूनतम 10.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रविवार को बाड़मेर का मौसम अचानक बदल गया। सुबह से ही धुंध छाई रही। इसके बाद बादलों के छाए रहने से दिन में सर्दी का असर कम हुआ। एक ही दिन में तापमान 23 डिग्री से सीधे 26.8 डिग्री तक पहुंच गया। हालांकि ठंडक बरकरार थी, लेकिन हवा की रफ्तार कमजोर होने से तेज शीत लहर का असर कम रहा। हालांकि रात में कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। सर्दी की वजह से बाजार में शाम होने के साथ ही लोग घरों की ओर लौट आते हैं। वहीं दूध, पकौड़ा व अन्य गर्म पेय पदार्थों की दुकानों पर शाम तक भीड़ लगी रहती है। सर्दी से बचाव के लिए लोग गर्म पेय पदार्थों का सेवन कर रहे हैं। आगे क्या: आज भी बादल छाए रहेंगे मौसम विभाग के अनुसार दिसंबर के अंत तक कड़ाके की सर्दी और तेज होगी। सोमवार को भी कोहरा छाए रहने की संभावना है, वहीं दिन में बादल भी भी छाए रहेंगे। न्यूनतम पारा साल के अंत तक करीब 8 डिग्री पहुंच सकता है।


