शहर के रेल यात्रियों को फिलहाल राहत मिली है। ट्रेनों को उदयपुर सिटी स्टेशन से राणा प्रतापनगर स्टेशन शिफ्ट करने की योजना टाल दी गई है। सभी ट्रेनें पूर्ववत उदयपुर सिटी स्टेशन से ही संचालित होंगी। रेलवे प्रशासन स्टेशन की परिचालन क्षमता बढ़ाने के लिए ट्रैक नंबर 9 और 10 को उमरड़ा लाइन से जोड़ने की तैयारी कर रहा था। इसके लिए ‘नॉन-इंटरलॉकिंग’ कार्य प्रस्तावित था। तय कार्यक्रम के अनुसार 12 से 17 फरवरी के बीच कुछ ट्रेनों का संचालन राणा प्रतापनगर से करने की योजना बनी थी। हालांकि, इस कार्य के लिए कमिश्नर ऑफ रेलवे सेफ्टी (सीआरएस) की स्वीकृति आवश्यक थी। तकनीकी कारणों और सीआरएस मंजूरी में देरी के चलते नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। इसके साथ ही शिफ्टिंग प्रस्ताव भी टाल दिया गया है। नई तिथियां जल्द घोषित की जाएंगी। प्लेटफॉर्म 10 का सीधा संपर्क उमरड़ा साइड से होगा वर्तमान में प्लेटफॉर्म नंबर 9 केवल राणा प्रतापनगर साइड से जुड़ा है, जबकि प्लेटफॉर्म नंबर 10 डिस्कनेक्ट है। प्रस्तावित कार्य के बाद प्लेटफॉर्म 9 दोनों दिशाओं से जुड़ सकेगा। प्लेटफॉर्म 10 का सीधा संपर्क उमरड़ा साइड से होगा। इससे ट्रैफिक प्रबंधन सुधरेगा और भविष्य में नई ट्रेनों के संचालन का मार्ग प्रशस्त होगा। फिलहाल ट्रेनों का संचालन तय समय और स्टेशन से ही जारी रहेगा। वंदे भारत ट्रेन 16 से उदयपुर सिटी से असारवा (अहमदाबाद) के बीच नई वंदे भारत एक्सप्रेस 16 फरवरी से शुरू होगी। उद्घाटन वाले दिन स्पेशल ट्रेन उदयपुर से दोपहर 12:25 बजे रवाना होकर शाम 5:15 बजे असारवा पहुंचेगी। 18 फरवरी से इसका नियमित संचालन होगा। ट्रेन सप्ताह में छह दिन चलेगी। मंगलवार को इसका संचालन नहीं होगा।


