यादव जी की लव स्टोरी फिल्म का पूरे देश में विरोध हो रहा है। छत्तीसगढ़ में भी यादव समाज इस फिल्म के खिलाफ सड़कों पर उतर आया है। 25 फरवरी को सभी जिलों में कलेक्टर के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा गया है, जिसमें फिल्म का शीर्षक बदलने की मांग की गई है। ऐसा न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी गई है। इसी क्रम में कोरबा में भी गुरुवार सुबह सर्व यादव समाज के लोग बड़ी संख्या में एकत्र हुए। उन्होंने ‘यादव जी की लव स्टोरी’ फिल्म का विरोध करते हुए एक रैली निकाली और कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा। जाति विशेष को निशाना बनाकर बनाई गई फिल्म सर्व यादव समाज के जिलाध्यक्ष नत्थू लाल यादव ने बताया कि यह फिल्म एक जाति विशेष को निशाना बनाकर बनाई गई है। उनका आरोप है कि किसी भी जाति को लेकर इस तरह की फिल्म बनाना समाज का अपमान है। उन्होंने बताया कि यह फिल्म 27 फरवरी को रिलीज होने वाली है। समाज ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर चेतावनी दी है कि यदि फिल्म चलती है, तो समाज इसका विरोध करेगा और इसकी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी। फिल्म रिलीज हुई तो होगा जोरदार प्रदर्शन सर्व यादव समाज युवा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष अनुप यादव ने पुष्टि की कि यह विरोध केवल कोरबा में ही नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ में किया जा रहा है। उन्होंने दोहराया कि यदि 27 फरवरी को फिल्म रिलीज होती है और इसका प्रदर्शन किया जाता है, तो समाज द्वारा इसका पुरजोर विरोध किया जाएगा।


