युवक का किडनैप किया,खुद को बताया ASI नरेंद्र:2 लाख फिरौती मांगी;पुलिस पीछे लगी तो हरियाणा के बावल में छोड़कर भागे बदमाश

अलवर के सदर थाना क्षेत्र में फर्जी पुलिस बनकर एक युवक का अपहरण करने और उसके भाई से 2 लाख रुपये की फिरौती मांगने का मामला सामने आया है। बदमाश युवक को बोलेरो कार में डालकर हरियाणा के बावल की ओर ले गए। कार पर ‘तेजल’ लिखा हुआ था। पीड़ित के भाई अली ने बताया कि उनका छोटा भाई शहबाज बाजार से गांव के इमरान के साथ तिजारा फाटक होते हुए शाम करीब 5 बजे झाहारखेड़ जा रहा था। इसी दौरान तिजारा फाटक के पास इमरान की तबीयत खराब होने से वह उल्टियां करने लगा, जिससे दोनों वहीं रुक गए। तभी पीछे से एक बोलेरो और बिना नंबर प्लेट की ब्रेजा कार आई। बोलेरो में सवार बदमाश शहबाज को जबरन उठाकर ले गए। इमरान ने तुरंत फोन कर घटना की जानकारी दी। जब शहबाज के मोबाइल पर कॉल किया गया तो किडनैपर ने खुद को हरियाणा पुलिस का एएसआई नरेंद्र बताते हुए भिवानी आने को कहा। बाद में बदमाशों ने 2 लाख रुपये लेकर आने की बात कही और वीडियो कॉल पर पैसे दिखाने को कहा। पीड़ित ने अपने साथियों से पैसे जुटाकर वीडियो कॉल में दिखाए। इसके बाद बदमाश उसे अलग-अलग जगह जैसे शिवाजी पार्क, जिंदोली और ततारपुर बुलाते रहे। इस दौरान पीड़ित ने सदर थाना पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस के पीछे लगने की भनक लगते ही बदमाश युवक को रात डेढ़ बजे हरियाणा के बावल में हाईवे पर छोड़कर फरार हो गए। पीड़ित ने बताया कि बदमाश आपस में नाम लेकर बात कर रहे थे। इस आधार पर गौरव, लोकेश, कुलदीप उर्फ चंदू और हितेश उर्फ काला निवासी अलवर के खिलाफ सदर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *