लुधियाना|हंबड़ां रोड पर अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान सुशील कुमार (21) पुत्र गया प्रसाद, निवासी हंबड़ां के रूप में हुई है। हादसा मंगलवार सुबह करीब 8:30 बजे हंबड़ां रोड स्थित एक पेट्रोल पंप के पास हुआ। मृतक के बड़े भाई सुमेर ने बताया कि सुशील सात भाई-बहनों में सबसे छोटा था और प्लाईबोर्ड फैक्ट्री में काम करता था। वह मंगलवार को अपने दोस्त के साथ नाइट शिफ्ट करने के बाद बाइक पर घर लौट रहा था। रास्ते में पहले उसने अपने दोस्त को घर छोड़ा और इसके बाद खुद अपने घर के लिए निकला। इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि सुशील की मौके पर ही मौत हो गई। सुमेर ने बताया कि वह सुबह करीब 9 बजे काम पर जाने के लिए निकला था। रास्ते में भीड़ जमा देखी तो पास जाकर देखा, हादसे का शिकार उसका ही भाई था। सूचना मिलने पर पुलिस चौकी हंबड़ां की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। जांच अधिकारी जीतू ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फिलहाल टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। भास्कर न्यूज |लुधियाना संदिग्ध हालात में 19 वर्षीय युवक की मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान करन पटेल (19) पुत्र कमलेश पटेल, निवासी प्रेम नगर, पीपल चौक के रूप में हुई है। फिलहाल कंगनवाल थाना पुलिस इस मामले की जांच सड़क हादसे के एंगल से कर रही है। मृतक के भाई कृष ने बताया कि करन कंक्रीट फैक्ट्री में काम करता था। रविवार रात करीब 9:30 बजे करन के एक दोस्त ने फोन कर परिजनों को सूचना दी कि करन का एक्सीडेंट हो गया है। बताया गया कि करन ने ही किसी राहगीर के फोन से दोस्त को कॉल कर मदद के लिए बुलाया था। परिजनों का कहना है कि जब वे मौके पर पहुंचे तो करन बोलने की हालत में नहीं था। कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि जिस जगह एक्सीडेंट होना बताया जा रहा है, वहां से करन की बाइक काफी दूर मिली, जिससे उन्हें पूरे मामले पर शक हो रहा है। परिजनों ने आरोप लगाया कि दोस्त का कहना है कि करन ने किसी राजगीर के फोन से कॉल की थी, लेकिन वह उस राहगीर का नंबर परिजनों को दिखाने से मना कर रहा है। इसके अलावा पुलिस को दिए गए बयान भी उसी दोस्त ने लिखवाए हैं, जिस पर परिवार को संदेह है। इन तमाम शंकाओं के चलते परिजनों ने पुलिस से मामले की जांच की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।


