अलवर जिले के खेड़ली के पास भरतपुर सीमा में आने वाले सामतपुरा गांव के जंगलों में एक युवक का शव पहाड़ की तलहटी में मिट्टी में गड़ा हुआ मिला है। शरीर पर मारपीट व चोट के कई निशान मिले हैं। युवक के एक हाथ पर अंग्रेजी में पवन खेड़ली लिखा हुआ है। सोमवार सुबह करीब 10 बजे खेतों में काम करने जा रहे ग्रामीण को मिट्टी में हाथ-पैर दिखाई दिए थे। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने खुद शव को मिट्टी से बाहर निकाला। प्रारंभिक सूचना पर खेड़ली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल भरतपुर जिले के खेड़ली मोड़ थाना क्षेत्र में आने के कारण संबंधित थाने को सूचना दी गई। देखे घटना से जुड़ी PHOTOS… रात से लापता था युवक करीब 20 वर्षीय युवक के शरीर पर चोट के निशान साफ दिख रहे हैं। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की। लेकिन पहचान नहीं हो सकी। इसके बाद शव को भुसावर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। इसके करीब पांच घंटे बाद मृतक के परिजनों का पता चला। युवक की पहचान नरेंद्र कुमार (21) पुत्र शिवशंकर शर्मा, निवासी वार्ड नंबर 9, समूची फाटक के पास खेड़ली अलवर के रूप में हुई। परिजनों के अनुसार नरेंद्र रविवार रात से घर से लापता था। मामले को लेकर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैर प्रकाश मीणा ने बताया- युवक की मौत के कारणों की जांच की जा रही है। सभी पहलुओं से मामले की पड़ताल की जा रही है। (इनपुट;रोहित सिंघल)


