टीकमगढ़ के अस्तोन गांव में युवक ने शराब के नशे में हनुमान मंदिर के भीतर घुसकर हंगामा किया। आरोपी ने मंदिर के गर्भ गृह में जाकर हनुमान प्रतिमा का सिंदूर फैला दिया। पुजारी की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मंदिर के पुजारी मनोहर शर्मा ने बताया कि संकट मोचन हनुमान मंदिर में इन दिनों श्रीमद् भागवत कथा चल रही है। 17 फरवरी को शाम की आरती के बाद, रात करीब 8 बजे गांव के उत्तम सिंह ने नशे की हालत में मंदिर में प्रवेश किया। उत्तम सिंह ने कथा के दौरान गाली-गलौज की और सीधे गर्भ गृह में घुसकर हनुमान जी की प्रतिमा को छुआ, जिससे प्रतिमा का सिंदूर बिखर गया। यह पूरी घटना मंदिर के सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। ग्रामीणों में गुस्सा और पुलिस की कार्रवाई इस घटना के बाद से पूरे गांव के लोगों में भारी नाराजगी है। पुजारी ने पुलिस को आवेदन देकर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की थी। कोतवाली थाना प्रभारी रवि भूषण पाठक ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपी उत्तम सिंह के खिलाफ धारा 151 के तहत मामला दर्ज किया गया और उसे जेल भेज दिया गया है। पुजारी ने यह भी जानकारी दी कि कुछ समय पहले मंदिर ट्रस्ट के लिए उत्तम सिंह का नाम सचिव के रूप में प्रस्तावित किया गया था। महंत ने जताई कड़ी आपत्ति बुंदेलखंड पीठाधीश्वर महंत सीताराम दास महाराज ने इस मामले पर गहरा दुख और विरोध जताया है। उन्होंने कहा है कि वे कल दोपहर 12 बजे खुद हनुमान मंदिर पहुंचेंगे और ग्रामीणों के साथ इस मुद्दे पर बात करेंगे।


