कोटा शहर के नयापुरा थाना क्षेत्र स्थित ब्रजराज कॉलोनी में एक 23 वर्षीय युवक द्वारा आत्महत्या का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार विनय मेघवाल पुत्र महावीर मेघवाल ने देर रात अपने घर पर फांसी लगाकर जान देने की कोशिश की। घटना के समय परिजनों को इसकी भनक लगी तो वे तुरंत उसे गंभीर अवस्था में कोटा के एमबीएस हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार जारी है। युवक की मां ने बताया कि परिवार उसके विवाह की बात चला रहा था, लेकिन विनय शादी के लिए तैयार नहीं था। इसी बात को लेकर वह पिछले कुछ समय से तनाव में चल रहा था। देर रात अचानक उसने यह कदम उठा लिया। वहीं अस्पताल में भर्ती विनय ने बताया कि वह बेरोजगार है और घर की आर्थिक स्थिति कमजोर है। परिवार शादी के लिए दबाव बना रहा था, लेकिन उसे चिंता थी कि शादी के बाद जिम्मेदारियां कैसे निभाएगा और पत्नी का भरण-पोषण कैसे करेगा। आर्थिक हालात और भविष्य की चिंता के कारण वह मानसिक तनाव में आ गया और आवेश में आकर आत्मघाती कदम उठाने की कोशिश की।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। डॉक्टरों के अनुसार युवक की हालत स्थिर बनी हुई है।


