उदयपुर के नाई थाना क्षेत्र में उबेश्वर रोड स्थित भैरव वाटिका में एक युवक द्वारा तोड़फोड़ करने वाला सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। जिसमें एक युवक धारदार हथियार लेकर वाटिका के गेट पर तोड़फोड़ करता दिख रहा है। जिसके बाद वह अंदर घुसकर लोगों को डरा-धमकाता है। घटना रविवार रात करीब 10 बजे की है। जब भैरव वाटिका में एक बर्थडे पार्टी चल रही थी। बताया जा रहा है कि तोड़फोड़ करने वाले युवक के गार्डन के सामने पार्टी में आए किसी गेस्ट ने अपनी कार पार्क कर दी थी। जिसके बाद ये विवाद हुआ। हालांकि पुलिस घटना के स्पष्ट कारणों की जांच में जुटी है। वाटिका मालिक कन्हैयालाल ने इस संबंध में नाई थाने में शिकायत दर्ज कराई है और घटना का सीसीटीवी फुटेज सौंपा है। थानाधिकारी गोपाल नाथ ने बताया कि मैंने दो दिन पहले ही ज्वाइन किया है। मामले का पता करते हुए जांच कर रहे हैं। गाली-गलौज करते हुए डराया-धमकाया
प्रार्थी कन्हैयालाल ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि दो युवकों ने धारदार हथियार के साथ वाटिका के गेट पर लगे मुख्य बोर्ड पर वार किए। वे वाटिका परिसर में घुस आए। उस वक्त वाटिका में समारोह चल रहा था। बच्चे और महिलाएं भी थीं। वहां गाली-गलौज करते हुए डराया-धमकाया गया। प्रार्थी ने बताया कि आरोपियों द्वारा उन्हें कानूनी कार्रवाई नहीं कराने के लिए धमकाया जा रहा है। परिवार की जान का खतरा बताते हुए नाई थाना पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई है।


