पाली में रंजिश के चलते एक 40 वर्षीय अधेड़ के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना पाली जिले के शिवपुरा थाना क्षेत्र के जाडन गांव की है, जहां मंगलवार को दो-तीन युवकों ने मिलकर एक व्यक्ति पर लाठियों से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। जानकारी के अनुसार जाडन गांव निवासी 40 वर्षीय राजूराम पुत्र घीसाराम शराब की एक दुकान के बाहर बैठा हुआ था। इसी दौरान पुरानी रंजिश को लेकर दो-तीन युवक मौके पर पहुंचे और अचानक राजूराम पर लाठियों से हमला कर दिया। हमले में राजूराम के शरीर पर चोटें आई। घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह घायल को हमलावरों से छुड़ाया। इसके बाद परिजन और ग्रामीण उसे इलाज के लिए पाली के बांगड़ हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हमलावरों की तलाश की जा रही है।


