युवती को इंदौर से बहला फुसलाकर लाया गुना:कपल ने ADM कोर्ट में शादी के लिए आवेदन दिया; थाने में परिजनों के साथ जाने तैयार हुई युवती

इंदौर से बहला-फुसलाकर लाई गई गुना की एक युवती को कैंट पुलिस और स्थानीय वकील के प्रयासों से सकुशल बरामद कर लिया गया है। युवती पिछले 6 महीने से गुना के गुलाबगंज क्षेत्र में रह रही थी। दोनों ने ADM कोर्ट में शादी के लिए आवेदन भी किया था, जिसे अब युवती द्वारा वापस लेने की प्रक्रिया की जा रही है। युवती परिवार वालों के साथ जाने राजी हुई, जिसके बाद उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार इंदौर निवासी एक युवक करीब 6 माह पूर्व इंदौर की एक युवती को बहला-फुसलाकर गुना ले आया था। वह युवक यहाँ कैंट थाना क्षेत्र के गुलाबगंज में निवास कर रहा था और उमरी रोड स्थित एक वेल्डिंग की दुकान पर कार्य कर रहा था। काफी समय तक खोजबीन करने के बाद, जब युवती के परिजनों को उसके गुना में होने की पुख्ता सूचना मिली, तो उन्होंने गुना के अधिवक्ता दीपक रजक से संपर्क साधा। अधिवक्ता ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत कैंट पुलिस को पूरे प्रकरण से अवगत कराया। सूचना मिलते ही कैंट पुलिस सक्रिय हुई। एडवोकेट दीपक रजक और पुलिस टीम के सहयोग से युवती को उचित समझाइश दी गई। काउंसलिंग के बाद युवती अपने परिजनों के साथ जाने को तैयार हो गई। शाम को कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने युवती को उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया, जिसके बाद वह खुशी-खुशी अपने घर इंदौर के लिए रवाना हुई। इस सफल रेस्क्यू और सामाजिक सक्रियता को देखते हुए हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा गया। गुरुवार शाम को मंच के सदस्य कोर्ट परिसर पहुंचे और अधिवक्ता दीपक रजक का फूल-मालाओं से स्वागत कर उनका सम्मान किया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *