सतना पुलिस ने शादी का वादा कर युवती से दुष्कर्म करने वाले आरोपी को जबलपुर से गिरफ्तार कर लिया है। तीन महीने की तलाश के बाद आरोपी सोनू कश्यप को पकड़ा गया और उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, 33 वर्षीय पीड़िता की पहचान वर्ष 2024 में सोशल मीडिया के माध्यम से जबलपुर निवासी सोनू पुत्र स्वर्गीय उमाशंकर कश्यप से हुई थी। दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई। जनवरी 2025 में आरोपी सतना आकर एक निजी नौकरी करने लगा। उसने युवती से किराए के कमरे का इंतजाम होने तक उसके घर में रहने की जगह मांगी, जिस पर युवती सहमत हो गई और उसे पहली मंजिल का कमरा दे दिया। 18 जनवरी की रात जब युवती खाना देने कमरे में गई, तो आरोपी ने शादी का वादा कर उससे दुष्कर्म किया। यह सिलसिला लगभग छह महीने तक चला। जून के अंत में जब पीड़िता ने शादी के लिए दबाव बनाया, तो आरोपी ने उसे धमकी दी और 1 जुलाई को बिना बताए सतना से गायब हो गया। लोकलाज के डर से पीड़िता ने पहले चुप्पी साधे रखी, लेकिन नवंबर 2025 में उसने परिजनों को आपबीती सुनाई और थाने पहुंची। उसके बयान पर रेप और एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक हंसराज सिंह ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 5 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया था। तीन महीने की गहन खोजबीन के बाद, पुलिस ने 16 फरवरी को जबलपुर में दबिश देकर आरोपी सोनू कश्यप को गिरफ्तार कर लिया। उसे न्यायालय में पेश करने के बाद केंद्रीय जेल भेज दिया गया है।


