भास्कर न्यूज | चिरमिरी स्थानीय शासकीय लाहिड़ी पीजी कॉलेज में हिंदवी स्वराज्य के संस्थापक और कुशल रणनीतिकार छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती मनाई गई। प्राचीन भारतीय इतिहास व हिंदी विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में प्राध्यापकों और विद्यार्थियों ने राष्ट्र निर्माण में शिवाजी महाराज के अतुलनीय योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. आरती तिवारी के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और शिवाजी महाराज के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। वक्ताओं ने शिवाजी महाराज के साहस, प्रशासनिक दक्षता और स्वराज्य स्थापना के संकल्प को आज की युवा पीढ़ी के लिए सबसे बड़ा प्रेरणा स्रोत बताया। इस अवसर पर महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने शिवाजी महाराज के जीवन, युद्धनीति और प्रखर राष्ट्रभक्ति पर अपने विचार रखे। विद्यार्थियों ने कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी शिवाजी महाराज ने अपनी दूरदर्शिता से स्वतंत्र शासन की नींव रखी, जो इतिहास में अद्वितीय है। इतिहास विभाग के डॉ. शिशिरकांत त्रिपाठी ने कहा कि शिवाजी के समकालीन राजनीतिक परिदृश्य, उनकी शासन व्यवस्था और सैन्य संगठन के प्रशासनिक कौशल पर प्रकाश डाला। हिंदी विभाग के प्रो. गिरीश दास ने कहा कि महाकवि भूषण की ओजस्वी कविताओं के माध्यम से शिवाजी महाराज की वीरता और पराक्रम को जीवंत कर दिया।


