रंगों का पर्व होली इस बार अजमेर में दो दिन तक मनाया जा रहा है। तिथि को लेकर बने असमंजस के बावजूद शहर में आज सुबह से ही होली का रंग चढ़ता नजर आया। शहर की कॉलोनियों, मोहल्लों और प्रमुख सड़कों पर बच्चों और युवाओं में खासा उत्साह दिखाई दिया। सुबह होते ही बच्चों ने पिचकारियां संभाल लीं, वहीं युवाओं की टोलियां डीजे की धुन पर रंग-गुलाल उड़ाती नजर आईं। कई जगहों पर गुलाल टैंक से रंगों की बारिश की गई, जिससे पूरा वातावरण गुलाबी और केसरिया रंग में रंग गया। घरों की छतों और गलियों में भी लोगों ने एक-दूसरे को रंग लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। होली की तिथि को लेकर इस बार कुछ कन्फ्यूजन बना रहा, जिसके चलते कई लोगों ने आज रंग खेला तो कई कल भी होली खेलने की तैयारी में हैं। हालांकि इस असमंजस का त्योहार के उत्साह पर कोई असर नहीं पड़ा और सुबह से ही शहर में होली का माहौल साफ नजर आया। PHOTO’S में देखें अजमेर की होली.… प्रशासन की ओर से भी शहर में शांति और व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं। कुल मिलाकर अजमेर में होली का रंग पूरे शबाब पर है और आज व कल दो दिन तक रंगों की यह फुहार जारी रहने की संभावना है।


