युवा कांग्रेस अध्यक्ष पर हत्या का आरोप, गिरफ्तार:चोरी के शक में युवक की पिटाई की, अस्पताल में हुई मौत, परिजन बोले- बंधक बनाकर पीटा

सतना जिले के रामपुर बाघेलान विधानसभा क्षेत्र में चोरी के शक में एक युवक की पिटाई से मौत का मामला सामने आया है। इस मामले में कोटर थाना पुलिस ने युवा कांग्रेस के विधानसभा अध्यक्ष सत्यम उर्फ कार्तिकेय सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को सोमवार को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान रीवा जिले के सेमरिया निवासी चंद्रभान प्रजापति के रूप में हुई है। बताया गया है कि चंद्रभान मानसिक रूप से अस्वस्थ था और 3 फरवरी से अपने घर से लापता था। परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी और लगातार उसकी तलाश कर रहे थे। चोर सझकर पीटा
6 फरवरी को चंद्रभान को कोटर थाना क्षेत्र के लखनवाह गांव में आरोपी के घर में घुसते हुए देखा गया। आरोपी ने उसे चोर समझकर लाठी से पीटना शुरू कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक के परिजनों का कहना है कि उन्हें सूचना मिली थी कि चंद्रभान को चोरी के शक में बंधक बनाकर रखा गया है। जब परिजन उसे छुड़ाने पहुंचे, तो आरोपी ने उसके साथ दोबारा मारपीट की। इस दौरान चंद्रभान के चचेरे भाई के साथ भी झूमाझटकी की गई। गंभीर रूप से घायल चंद्रभान को परिजन इलाज के लिए सेमरिया अस्पताल ले गए, जहां रविवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों ने शव रखकर किया था प्रदर्शन
मौत के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। रविवार को आक्रोशित परिजनों ने सतना-सेमरिया मार्ग पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस द्वारा आरोपी को हिरासत में लेने के बाद जाम समाप्त कराया गया। कोटर थाना प्रभारी दिलीप मिश्रा ने बताया कि मृतक के परिजनों के बयान और फरियादी सोनू प्रजापति की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार कर रही है। गौरतलब है कि आरोपी सत्यम उर्फ कार्तिकेय सिंह कुछ महीने पहले ही युवा कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव में जीतकर रामपुर बाघेलान विधानसभा का अध्यक्ष बना था।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *