हसौद | स्वामी विवेकानंद की 163वीं जयंती (राष्ट्रीय युवा दिवस) पर ग्राम हसौद में भव्य कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। डांडिया रास गरबा समिति द्वारा आयोजित इस दो दिवसीय उत्सव की शुरुआत 11 जनवरी को विभिन्न रचनात्मक प्रतियोगिताओं के साथ होगी। समिति द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, रविवार 11 जनवरी को डभरा रोड स्थित पुराना मंडी, भाठागांव में मेहंदी और रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य युवाओं में कला, संस्कृति और रचनात्मकता के प्रति रुचि जगाना है। गौरतलब है कि स्वामी विवेकानंद के विचारों से प्रेरणा लेकर प्रतिवर्ष 12 जनवरी को देशभर में राष्ट्रीय युवा दिवस मनाया जाता है, जो युवाओं को दृढ़ संकल्प और महान लक्ष्य प्राप्ति के लिए प्रोत्साहित करता है। सांत्वना पुरस्कार से होगा उत्साहवर्धन डांडिया रास गरबा समिति ने बताया कि राष्ट्रीय युवा दिवस के इस विशेष कार्यक्रम में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेताओं के साथ-साथ प्रत्येक प्रतिभागी को सांत्वना पुरस्कार भेंट कर प्रोत्साहित किया जाएगा। समिति के सदस्यों का कहना है कि ऐसे आयोजनों से न केवल स्थानीय प्रतिभाओं को मंच मिलता है, बल्कि उनके सर्वांगीण विकास में भी मदद मिलती है।


