भास्कर न्यूज | बाड़मेर जिला प्रशासन एवं जिला रोजगार कार्यालय बाड़मेर के संयुक्त तत्वावधान में जिला स्तरीय युवा संबल मेले का आयोजन आदर्श स्टेडियम बाड़मेर में 25 फरवरी को सुबह 10 से शाम 5 बजे तक किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी दिनेश कुमार ने बताया कि युवा संबल मेले के माध्यम से स्वरोजगार, निजी रोजगार एवं प्रशिक्षुता के अवसरों के समन्वय में राजस्थान सरकार के प्रयासों को एकीकृत एवं व्यवस्थित रूप प्रदान किया जा रहा है। यह मेला रोजगार दिवस, रोजगार मेला एवं प्रशिक्षुता मेला को एक साथ जोड़ते हुए युवाओं को एक ही मंच पर रोजगार एवं प्रशिक्षण के अवसर उपलब्ध कराएगा। उन्होंने बताया कि इस युवा संबल मेले में 30 से अधिक निजी कंपनियों की ओर से विभिन्न पदों के लिए युवाओं का चयन किया जाएगा। इनमें आवश्यकता अनुसार आईटीआई प्रशिक्षित, डिप्लोमा एवं डिग्रीधारी अभियंता, ड्राइवर, एमबीए डिग्रीधारी, सुपरवाइजर, लेखाकार, लिपिक, कंप्यूटर ऑपरेटर, बीमा अभिकर्ता, नर्स, सुरक्षा गार्ड सहित अन्य ट्रेड के युवाओं को आमंत्रित किया गया है। चयनित अभ्यर्थियों को विभिन्न संस्थानों, प्रतिष्ठानों, कार्यालयों एवं औद्योगिक संस्थानों की मांग के अनुसार भर्ती एवं प्लेसमेंट प्रदान किया जाएगा।


