भास्कर न्यूज |लुधियाना लुधियाना सब्जी मंडी आढ़ती एसोसिएशन ने बहादुर के रोड स्थित होलसेल सब्जी मंडी में चल रही ठेकेदारी प्रथा के खिलाफ खुलकर मोर्चा खोल दिया है। एसोसिएशन के चेयरमैन विकास गोयल विक्की, सरपरस्त गुरविंदर सिंह मंगा, महासचिव गुरप्रीत सिंह, उप चेयरमैन हरमिंदर सिंह बिट्टू, उप प्रधान शैंकी चावला और कैशियर डीसी चावला सहित अन्य पदाधिकारियों ने कहा कि इस व्यवस्था पर रोक लगाने के लिए सभी जत्थेबंदियों को एक मंच पर एकजुट होने की आवश्यकता है। पदाधिकारियों ने कहा कि मंडी में विभिन्न प्रकार की ठेकेदारी प्रथाएं चल रही हैं, जिससे आढ़तियों और कारोबारियों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि समय रहते इस व्यवस्था को समाप्त नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में पंजाब मंडी बोर्ड के अधिकारी नए-नए ठेके तय कर सकते हैं, जिससे हालात और जटिल हो सकते हैं। उन्होंने बताया कि लुधियाना की सब्जी और फ्रूट मंडी के आढ़ती हर वर्ष पंजाब मंडी बोर्ड को करोड़ों रुपए का राजस्व अदा करते हैं और आगे भी यह योगदान जारी रहेगा। एसोसिएशन ने मांग की कि यूजर चार्ज, पार्किंग फीस, तोल कांटा और साफ-सफाई जैसे कार्य सीधे मंडी बोर्ड और सरकार अपने नियंत्रण में लें। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर जल्द ही सब्जी मंडी और फ्रूट मंडी आढ़ती एसोसिएशन की संयुक्त बैठक बुलाकर आगामी रणनीति तय की जाएगी।


