यूपी में एक बार फिर मौसम अचानक बदल गया। 24 घंटे में 16 शहरों में जोरदार बारिश हुई। सहारनपुर, अलीगढ़, हरदोई, लखीमपुर खीरी, बदायूं, बुलंदशहर, मथुरा और कासगंज में ओले भी गिरे। लखीमपुर में तो इतने ओले गिरे कि सड़कों पर सफेद चादर बिछ गई। अलीगढ़ में मटर के दाने से बड़े-बड़े ओले गिरे हैं। गाजियाबाद, मेरठ समेत 8 शहरों में शनिवार सुबह से बादल छाए हैं। 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं। मौसम विभाग ने आज प्रदेश के 44 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। कई जगह ओले भी गिर सकते हैं। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 24 घंटे तक मौसम ऐसा ही रहेगा। तापमान में 3 से 4 डिग्री की गिरावट आ सकती है। लखीमपुर की 3 तस्वीरें देखिए… अब अलीगढ़ की 2 तस्वीरें- झांसी सबसे गर्म, पारा 35 डिग्री पहुंचा
पिछले 24 घंटे में सहारनपुर, अलीगढ़, कासगंज, हरदोई, गाजियाबाद, मुजफ्फरनगर, शामली, बरेली, बिजनौर, मेरठ, मुरादाबाद और पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, बदायूं, बुलंदशहर में बारिश हुई है। शुक्रवार की बात करें तो झांसी सबसे गर्म शहर रहा। यहां तापमान 35.1°C रिकॉर्ड हुआ। अयोध्या, बुलंदशहर और लखीमपुर खीरी सबसे ठंडे शहर रहे। तीनों शहरों का तापमान 15°C दर्ज हुआ। क्यों बदला मौसम? वाराणसी BHU के मौसम वैज्ञानिक मनोज श्रीवास्तव ने कहा-पश्चिमी राजस्थान और उससे सटे पाकिस्तान के हिस्सों पर निम्न दबाव का क्षेत्र बना है। इसके प्रभाव के चलते पश्चिमी यूपी में बारिश हो रही है। कल, यानी 2 मार्च से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिससे बारिश की संभावना बन रही है। रविवार से हवा का रुख पछुआ हो जाएगा और रफ्तार भी बढ़ जाएगी। 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी। अब शहरों का हाल जानिए- अलीगढ़ में 20 मिनट गिरे ओले अलीगढ़ में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। 20 मिनट तक ओले गिरने से सड़कों पर बर्फ की परत जम गई। तेज हवाओं के चलते तापमान में 2-3 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। बुलंदशहर में देर से बारिश, ओले भी गिरे बुलंदशहर में देर रात से बारिश हो रही है। डिबाई और जहांगीराबाद के कुछ क्षेत्रों में ओले भी गिरे हैं। बारिश के कारण न्यूनतम तापमान में 4 डिग्री की गिरावट हुई है। न्यूनतम तापमान 17 डिग्री पर रिकॉर्ड किया गया।मौसम विभाग के अनुसार, दिन का अधिकतम तापमान 29 डिग्री रहने की संभावना है।
हरदोई में सड़कों पर बिछी सफेद चादर हरदोई में शुक्रवार देर रात तेज बारिश हुई। 30 मिनट तक ओले गिरने से सड़कों पर बर्फ की परत जम गई। शहर का न्यूनतम तापमान 15 डिग्री और अधिकतम तापमान 27 डिग्री दर्ज किया गया। कानपुर में छाए बादल, बूंदाबांदी के आसार
कानपुर में शनिवार सुबह से बादलों की आवाजाही बनी हुई है। मौसम विशेषज्ञ डॉ. एस.एन. सुनील पांडेय ने बताया कि अगले 5 दिनों तक बादल छाए रहेंगे। पश्चिमी विक्षोभ के चलते कानपुर मंडल में मौसम उतार-चढ़ाव बना रहेगा। हल्की बारिश फसलों के लिए वरदान
सहारनपुर के कृषि वैज्ञानिक डॉ. आईके कुशवाहा ने बताया कि इस समय कई फसलें तैयार होने को हैं। अगर तेज आंधी और बारिश होती है तो फसलों को नुकसान होगा। लेकिन हल्की बारिश फसलों के लिए फायदेमंद है। इससे खेतों में नमी आएगी। बारिश मार्च तक पकने वाली फसलों के लिए नया जीवनदान है। बढ़ते तापमान से किसानों को ज्यादा परेशानी हो रही थी। अगर अगले 3 से 4 दिन में हल्की बारिश हो जाती है तो जमीन में नमी मार्च के दूसरे हफ्ते तक बनी रह सकती है। इससे किसानों को ज्यादा सिंचाई करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। आखिरी में शहरों की अन्य तस्वीरें- भाकियू की मांग- फसल बर्बाद हुई, जल्द मुआवजा दें
ओले से फसलों को नुकसान हुआ है। भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के आगरा के मंडल अध्यक्ष राजकुमार तोमर ने कमिश्नर को लेटर लिखा है। उन्होंने मांग की है कि आज मथुरा में ओले से फसलों को 100% नुकसान हुआ है। किसान बर्बाद हो चुका है। नुकसान का आकलन कराकर तत्काल प्रभाव से किसानों को मुआवजा दिलाया जाए। ———————– यह भी पढ़ें : यूपी के 8 जिलों में मौसम बदला…सहारनपुर में ओले गिरे:बारिश से खेत-गलियों में पानी भरा, 30-40 किमी रफ्तार से चली ठंडी हवाएं यूपी में मौसम अचानक बदल गया है। शुक्रवार की देर शाम सहारनपुर में पहले ओले गिरे। फिर बरसात हुई। अमूमन बारिश के साथ ओलावृष्टि देखने को मिलती है। लोग इसे सूखे ओले पड़ना कह रहे हैं। पढ़िए पूरी खबर…