भास्कर न्यूज | अमृतसर होली के त्योहार को लेकर शहर में रौनक बढ़ गई है। कोई धार्मिक स्थलों की ओर रुख कर रहा है तो बड़ी संख्या में प्रवासी मजदूर और कर्मचारी अपने घरों को लौटने की तैयारी में हैं। लेकिन इस बार घर जाने का सफर आसान नहीं है। यूपी-बिहार, मुंबई, हावड़ा और छत्तीसगढ़ जाने वाली लगभग सभी प्रमुख ट्रेनें पूरी तरह पैक हो चुकी हैं। हालत यह है कि अगले 2 माह तक इन रूटों पर वेटिंग टिकट भी उपलब्ध नहीं है। मार्च और अप्रैल के अधिकांश दिनों में सीटों की उपलब्धता शून्य हो चुकी है। कंफर्म टिकट तो दूर, कई ट्रेनों में लंबी वेटिंग लिस्ट भी बंद कर दी गई है। अब अप्रैल के बाद ही टिकट मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। रेलवे स्टेशन पर रिजर्वेशन केंद्रों पर रोजाना बड़ी संख्या में यात्री पहुंच रहे हैं, लेकिन टिकट न मिलने से निराश होकर लौटना पड़ रहा है। ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर भी ‘नो रूम’ की स्थिति बनी हुई है। खासकर यूपी-बिहार रूट पर दबाव सबसे ज्यादा है, जहां त्योहार के चलते यात्रियों की भीड़ चरम पर है। यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने स्पेशल ट्रेनों की योजना पर काम कर रहा है। आने वाले दिनों में अतिरिक्त ट्रेनों का ऐलान किया जा सकता है। फिलहाल अमृतसर से न्यू जलपाईगुड़ी तक चलने वाली स्पेशल ट्रेन को आगे बढ़ाने की संभावना जताई जा रही है। यह ट्रेन पहले मार्च तक संचालित की जानी थी, लेकिन बढ़ती मांग को देखते हुए इसकी अवधि बढ़ाई जा सकती है। अमृतसर रेलवे स्टेशन से बड़ी संख्या में यात्री होली का त्योहार मनाने बिहार, यूपी और मध्यप्रदेश में जाते है। जिसे लेकर वह एक महीने पहले से ही ट्रेनों में रिजर्वेशन करवाते हैं। मौजूदा समय में पटना, भोपाल, लखनऊ, कानपुर समेत अलग-अलग शहरों मे जाने वाली ट्रेनों की सीटें फुल हो चुकी हैं। अमृतसर से सहरसा जाने वाली गरीब रथ (12204), कटिहार जाने वाली आम्रपाली एक्सप्रेस (15708), हजूर साहिब नांदेड़ (12716), न्यू जलपाईगुड़ी जाने वाली (04654), जयनगर जाने वाली सरयु यमुना एक्सप्रेस (14650), हिसार जाने वाली (14654), मुंबई जाने वाली पश्चिम एक्सप्रेस (12926), कानपुर सेंट्रल जाने वाली कानपुर सेंट्रल सुपरफास्ट ट्रेन (22446), सियालदाह जाने वाली जलियांवाला बाग एक्सप्रेस (12380) और हावड़ा जाने वाली हावड़ा एक्सप्रेस (13006) ट्रेन में अगले दो महीने तक वेटिंग टिकट भी नहीं मिल पा रही है।


