यू-डाईस प्रमाणीकरण के नाम निजी स्कूलों को परेशान करने का आरोप

भास्कर न्यूज | भीलवाड़ा जिला निजी शिक्षण संस्थान संघ ने शिक्षा विभाग और सुवाणा ब्लॉक कार्यालय की कार्यप्रणाली पर रोष जताया है। संघ ने यू-डाईस प्रमाणीकरण प्रक्रिया के नाम पर निजी स्कूलों को अनावश्यक रूप से परेशान किए जाने का आरोप लगाया है। संघ के जिलाध्यक्ष अर्जुन देवलिया ने जिला शिक्षा अधिकारी (मुख्यालय) को ज्ञापन दिया। इसमें बताया कि जिले के करीब 800 निजी स्कूलों के नवीनीकरण आदेश वर्ष 2014 से लंबित पड़े हैं। विभाग द्वारा स्वयं पोर्टल बंद रखे जाने के बावजूद यू-डाईस सर्टिफिकेशन के लिए नवीनीकरण की प्रति मांगी जा रही है, जो पूरी तरह तर्कहीन है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि ये स्कूल अनाधिकृत हैं, तो पिछले 11 वर्षों से आरटीई के तहत इनका भौतिक सत्यापन कैसे हो रहा है और विभागीय कर्मचारी इससे लाभ कैसे ले रहे हैं। संघ ने आरोप लगाया कि सुवाणा ब्लॉक कार्यालय में पिछले दो माह से यू-डाईस कार्य के नाम पर निजी स्कूल संचालकों को लगातार चक्कर लगवाए जा रहे हैं। ऑनलाइन डेटा भरने के बाद भी सर्टिफाइड प्रमाण पत्र जारी नहीं किए जा रहे हैं। तकनीकी समस्या का बहाना बनाकर स्कूलों के शैक्षणिक कार्य को बाधित किया जा रहा है। ज्ञापन में मांग की गई कि यू-डाईस पोर्टल पर उपलब्ध टेम्परेरी सर्टिफिकेट विकल्प का उपयोग कर तत्काल गतिरोध समाप्त किया जाए। साथ ही पोर्टल खुलने पर नवीनीकरण प्रक्रिया पूरी कराने के निर्देश दिए जाएं, लेकिन वर्तमान में यू-डाईस प्रक्रिया न रोकी जाए। अर्जुन देवलिया ने चेतावनी दी कि यदि शिक्षा विभाग ने शीघ्र समाधान नहीं किया, तो जिला संगठन आंदोलन करेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। इस अवसर पर शहर अध्यक्ष दिनेश छीपा, महेन्द्र शर्मा, सत्यप्रकाश तिवाड़ी, भुवनेश्वर तिवाड़ी, दुर्गेश लखारा, महेश चन्द्र राठौड़, दिनेश कुमार गौड़, सुनील कुमार बैरवा, दिनेश छीपा पुर, अशोक आमेटा, विजेश पहाड़िया मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *