डीडवाना-कुचामन जिले की योजना शेखावत (पिहू) ने जयपुर में आयोजित मिनी सब जूनियर ओपन तीरंदाजी टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया है। उन्होंने इस प्रतियोगिता में कांस्य पदक अपने नाम किया। लाडनू उपखंड के मिठड़ी मारवाड़ निवासी योजना शेखावत ने 15 मीटर तीरंदाजी स्पर्धा में कुल 360 अंकों में से 333 अंक अर्जित किए। इस उपलब्धि के साथ, पिहू अब राष्ट्रीय स्तर पर राजस्थान राज्य का प्रतिनिधित्व करने के लिए तैयार हैं। योजना शेखावत के पिता विपेंद्र सिंह शेखावत वर्तमान में राजस्थान पुलिस विभाग में डूंगरपुर जिले में सेवारत हैं। पिहू ने डूंगरपुर में रहकर ही नियमित रूप से तीरंदाजी का अभ्यास किया और अपनी कड़ी मेहनत के बल पर यह मुकाम हासिल किया। पिहू की इस सफलता पर उनके परिवारजनों, खेल प्रेमियों और क्षेत्रवासियों में हर्ष का माहौल है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और विभिन्न खेल संगठनों ने भी पिहू को बधाई दी है और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।


