यौन शोषण शिकायत के बाद नाबालिग का अपहरण:पुलिस ने दो आरोपी पकड़े, पीड़िता सकुशल बरामद

गिरिडीह जिले के बिरनी प्रखंड के भरकट्टा ओपी क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की का अपहरण कर लिया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि नाबालिग पीड़िता को सकुशल बरामद कर लिया गया है। गिरिडीह के पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार ने इस मामले की पुष्टि की है। जानकारी के मुताबिक, बिरनी थाना क्षेत्र की रहने वाली इस नाबालिग लड़की ने लगभग 22 दिन पहले एक युवक पर यौन शोषण का आरोप लगाते हुए स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। इस शिकायत के आधार पर प्राथमिकी भी दर्ज की गई थी। चार लोगों ने कथित तौर पर उसका अपहरण कर लिया परिजनों का आरोप है कि शिकायत दर्ज होने के बावजूद पुलिस ने मामले में अपेक्षित कार्रवाई नहीं की, जिससे आरोपियों का मनोबल बढ़ गया। मंगलवार शाम को नाबालिग लड़की घर से सामान लेने के लिए पास की दुकान जा रही थी। तभी पूर्व में यौन शोषण के आरोप में नामजद आरोपी सहित चार लोगों ने कथित तौर पर उसका अपहरण कर लिया। देर शाम तक जब लड़की घर नहीं लौटी, तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। खोजबीन के बाद लड़की के पिता ने थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने चार लोगों को नामजद आरोपी बनाया और पुलिस पर पहले की शिकायत में सुस्ती बरतने का आरोप भी लगाया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस तुरंत हरकत में आई। एक विशेष टीम का गठन कर छापेमारी अभियान चलाया गया। लगातार दबिश के बाद पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और नाबालिग को भी सुरक्षित बरामद कर लिया। पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार ने बताया कि इस मामले में सख्त कार्रवाई की जा रही है। फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। उन्होंने आश्वस्त किया कि दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और कानून के तहत कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *