नर्मदापुरम में बुधवार को रंगों का पर्व होली पूरे उल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। सुबह से ही शहर की गलियों और मोहल्लों में युवाओं की टोलियां एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाती नजर आईं। बच्चों ने भी पिचकारी और गुब्बारों के साथ त्योहार का आनंद लिया। सुरक्षा के मद्देनजर शहर के प्रमुख चौराहों पर पुलिस बल तैनात रहा और आला अधिकारियों ने लगातार मॉनिटरिंग की। सांसद दर्शन सिंह चौधरी के निवास पर होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। आम लोगों के साथ-साथ भाजपा कार्यकर्ता सांसद को गुलाल लगाने पहुंचे। इस दौरान सांसद भी पूरी तरह होली के रंगों में रंगे नजर आए और ‘रंग बरसे भीगे चुनर वाली रे…’ गीत पर जमकर थिरके। इसके अलावा शहर की कावेरी स्टेट कॉलोनी में भी रहवासियों ने सामूहिक रूप से होली मिलन समारोह मनाया। सेठानी घाट पर महाआरती के बाद उड़े रंग-गुलाल इससे पहले मंगलवार रात को नर्मदा नदी के प्रसिद्ध सेठानी घाट पर महाआरती का आयोजन किया गया। मां नर्मदा की महाआरती के पश्चात होलिका दहन संपन्न हुआ। इसके बाद घाट पर उपस्थित लोगों ने रंग-गुलाल और फूलों की होली खेली। महिलाओं और युवाओं की टोलियों ने धार्मिक और फिल्मी गानों पर नृत्य कर होली के उत्सव का आनंद लिया। चप्पे-चप्पे पर पुलिस मुस्तैद, नशे में वाहन चलाने वालों की हुई चेकिंग त्योहार के दौरान शहर में किसी भी प्रकार का हुड़दंग न हो, इसके लिए विभिन्न चौराहों और प्रमुख स्थानों पर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई। सड़कों पर नशे में वाहन चलाने वालों की सघन चेकिंग की गई। सुरक्षा व्यवस्था और शांति बनाए रखने के लिए एसपी साईंकृष्णा थोटा, एएसपी अभिषेक राजन, एसडीओपी जितेंद्र पाठक, डीएसपी संतोष मिश्रा, कोतवाली टीआई कंचन सिंह ठाकुर और देहात थाना प्रभारी सौरभ पांडे सहित अन्य पुलिस अधिकारी लगातार फील्ड में मॉनिटरिंग करते रहे। देखिए तस्वीरें…


