धौलपुर के राजाखेड़ा में युवक को गोली मारने का मामला सामने आया है। घटना के बाद युवक को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक होने पर उसे इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। घटना मंगलवार शाम करीब 7 बजे सांवलिया पुरा गांव में हुई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पुरानी रंजिश बताया जा रहा है। घायल युवक के परिजन प्रवीन कुमार ने बताया कि उसका छोटा भाई पवन (18) पुत्र शिवराम मंगलवार शाम मछरिया से सब्जी लेने गया था। वापस लौटते समय रास्ते में लोगों ने उसे घेरकर मारपीट करने के बाद गोली मार दी। राजाखेड़ा थानाधिकारी वीर सिंह ने बताया कि मौके पर पुलिस का जाब्ता तैनात किया गया है और एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं और मामले की जांच की जा रही है। घटना के कारणों को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है।


