भाई-बहन के प्रेम का प्रतीक रक्षाबंधन पर्व अगले माह 9 अगस्त को मनाया जाएगा। इस बार खास बात यह है कि रक्षाबंधन पर भद्रा का साया नहीं रहेगा। पंडितों के अनुसार इस बार श्रावण मास की पूर्णिमा तिथि 8 अगस्त को दोपहर 2.12 बजे शुरू होगी लेकिन उदिया तिथि न होने के कारण 8 तारीख को रक्षाबंधन का त्योहार नहीं मनाया जाएगा। पूर्णिमा तिथि 9 अगस्त को दोपहर 1 बजकर 25 मिनट तक रहेगी। इसी दिन रक्षाबंधन पर्व मनाया जाएगा। वहीं इस बार रक्षा बंधन विशेष योग में मनेगा। पंडित कृष्ण कुमार ने बताया कि इस बार रक्षाबंधन के दिन बहुत ही शुभ योग बन रहा है। सौभाग्य नाम के योग के साथ ही साथ शोभन योग, सर्वर्थ सिद्धि योगभी बन रहा है। यह महासंयोग आठ ग्रहों की पुनरावृति के साथ हो रहा है। इस दिन शनि श्रवण योग भी बन रहा है और धनिष्ठा नक्षत्र रहेगा जो कि बहुत ही शुभ है। इस दिन पूजा की अवधि 7 घंटे 37 मिनट तक रहेगी।