सवाई माधोपुर के रणथंभौर में टाइगर ने 7 साल के बच्चे को मार डाला। बच्चा अपनी दादी के साथ त्रिनेत्र गणेश के दर्शन कर लौट रहा था। अचानक जंगल से एक टाइगर आया और बच्चे को मुंह में दबोचकर ले गया। टाइगर काफी देर तक बच्चे की गर्दन पर पंजा रखकर बैठा रहा। यह हमला अमराई वन क्षेत्र में हुआ है। टाइगर के हमले की सूचना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। लोगों ने पैदल पहुंचकर घटना की जानकारी गणेश धाम चौकी पर दी। सूचना मिलने के बाद वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और त्रिनेत्र गणेश मंदिर जाने वाले सभी रास्ते बंद कर दिए गए। वनकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद टाइगर को भगाया और बच्चे के शव को लेकर जिला अस्पताल के मॉर्च्युरी में रखवाया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। बच्चे की पहचान कार्तिक सुमन (7) पुत्र द्वारका माली निवासी गोहटा थाना देई खेड़ा (बूंदी) के रूप में हुई है। उधर, बच्चे पर हमले की घटना के बाद वन विभाग ने रणथंभौर दुर्ग और त्रिनेत्र गणेश मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं के प्रवेश पर पांच दिन के लिए रोक लगा दी है। मुख्य वन संरक्षक ने त्रिनेत्र गणेश मंदिर जाने वाले पैदल रास्ते में बाघ का मूवमेंट होने की बात कही है। सबसे पहले देखिए, घटना से पहले की बच्चे की तस्वीरें… कार्तिक के चाचा दीपक ने बताया- वह, कार्तिक, कार्तिक की दादी और गांव के दो अन्य लोग सुबह त्रिनेत्र गणेश के दर्शन करने आए थे। मंदिर में दर्शन कर लौटते समय चढ़ाई पर अचानक टाइगर आया और भीड़ के बीच से कार्तिक को सिर से पकड़कर जंगल में ले गया। साथ में मौजूद लोगों ने कार्तिक को बचाने के लिए शोर मचाया, लेकिन प्रयास असफल रहे। बच्चे को मुंह में दबोचकर ले गया टाइगर
प्रत्यक्षदर्शी रामसिंह गुर्जर ने बताया- मैं दोपहर 3 बजे गणेशजी के दर्शन करके वापस लौट रहा था। मेरे साथ एक महिला अपने 7 साल के पोते के साथ आ रही थी। अचानक जंगल से निकलकर एक टाइगर बाहर आया और बच्चे को ले गया। घटना के बाद लोगों में दहशत है। इलाके में था टाइगर टी-120 का मूवमेंट
जानकारी के अनुसार, जिस इलाके में बच्चे पर टाइगर ने हमला किया है, वहां पिछले दो दिनों से टाइगर टी-120 का मूवमेंट था। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि बच्चे पर हमला टाइगर टी-120 ने किया होगा। मंदिर ट्रस्ट ने दी 1.50 लाख रुपए की आर्थिक सहायता
रणथंभौर त्रिनेत्र गणेश मंदिर ट्रस्ट की ओर से मृतक के परिवार को डेढ़ लाख रुपए की आर्थिक सहायता दी गई है। रणथंभौर त्रिनेत्र गणेश मंदिर ट्रस्ट के प्रधान सेवक जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी पहुंचे और परिजनों को आर्थिक सहायता प्रदान की। ————————- टाइगर के हमले से जुड़ी ये खबरें भी पढ़िए… सवाई माधोपुर में टाइगर ने युवक को मार डाला:रणथंभौर टाइगर रिजर्व के पास जंगल में मिला शव; मंदिर जाने के लिए निकला था सवाई माधोपुर में रणथंभौर टाइगर रिजर्व के पास बसे श्यामपुरा गांव में टाइगर ने एक युवक को मार डाला। युवक 2 दिन पहले घर से कचिदा माता के दर्शन के लिए निकला था। घटना का पता चलने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो क्षत-विक्षत हालत में युवक का शव मिला। (पढ़ें पूरी खबर) सवाई माधोपुर में टाइगर ने युवक को मार डाला:रणथंभौर नेशनल पार्क से सटे खेत में किया हमला; 20 मिनट तक शव के पास बैठा रहा सवाई माधोपुर में रणथंभौर नेशनल पार्क से सटे उलियाना गांव में टाइगर ने एक व्यक्ति को मार डाला। वह नेशनल पार्क के पास सटे खेत में बकरियां चरा रहा था। इस दौरान टाइगर ने उस पर हमला कर दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। टाइगर शव को लेकर करीब 20 मिनट तक बैठा रहा। (पढ़ें पूरी खबर)


