चूरू जिले के रतनगढ़ में बुधवार को अखिल भारतीय किसान सभा कमेटी द्वारा एक महापंचायत का आयोजन किया जाएगा। इस महापंचायत को लेकर किसान सभा की विभिन्न कमेटियां रतनगढ़ तहसील के अलग-अलग गांवों में जनसंपर्क अभियान चला रही हैं। किसान सभा के पदाधिकारियों ने तहसील के लाछड़सर, परसनेऊ, आलसर बास, आलसर, जेगणिया बीकान, बीदावतान, दस्सूसर, पड़िहारा, सिमसिया, भावनदेसर और रतनादेसर गांवों में किसानों के साथ बैठकें कीं। इन बैठकों में किसानों से महापंचायत में बड़ी संख्या में पहुंचने का आह्वान किया गया। विभिन्न गांवों में आयोजित बैठकों को संबोधित करते हुए किसान सभा के प्रतिनिधियों ने कहा कि किसानों की समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन राज्य सरकार और संबंधित विभाग उनकी अनदेखी कर रहे हैं। उन्होंने जबरन स्मार्ट मीटर थोपने की कार्रवाई का विरोध करने की बात कही और घोषणा की कि किसान क्षेत्र में स्मार्ट मीटर नहीं लगने देंगे। पदाधिकारियों ने यह भी बताया कि फसल खराबे के कारण बड़ी संख्या में किसानों के बीमा क्लेम लंबित पड़े हैं, जिससे उन्हें आर्थिक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। किसान सभा के नेताओं ने सरकार को चेतावनी दी है कि यदि लंबित क्लेम की राशि का भुगतान नहीं किया गया तो एक बड़ा आंदोलन किया जाएगा। जनसंपर्क अभियान के दौरान किसान सभा के अध्यक्ष भादरमल भामू, गोपीचंद खीचड़, जिला उपाध्यक्ष मदनलाल जाखड़, महेंद्र बरोड़, एडवोकेट बिशनलाल रूलाणिया, बिरजूराम, बजरंगसिंह, श्रवण मेघवाल, विजयपाल कड़वासरा, धन्नाराम बिस्सू और गिरधारीलाल घिंटाला सहित कई पदाधिकारी मौजूद थे।


