चूरू के रतनगढ़ में शिवाजी सेवा संस्थान द्वारा होली पर्व पर रविवार शाम ‘रंगरुड़ौ फाग उच्छब’ के तहत एक अनोखी बंदोरी निकाली गई। इस बंदोरी में कई आकर्षक झांकियां और प्रस्तुतियां देखने को मिलीं, जिन्होंने दर्शकों का मन मोह लिया। शिवाजी सेवा संस्थान बगीची से शुरू हुई इस बंदोरी को पूर्व मंत्री राजकुमार रिणवां, पूर्व पालिकाध्यक्ष लिट्टू कल्पनाकांत और संस्थान अध्यक्ष किशोरीलाल बील ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। बंदोरी में लुहार-लुहारी का तरीका, महामंडलेश्वर किन्नर अखाड़ा, नागिन डांस और व्यासपीठ से अनुरुद्राचार्य महाराज की झांकी मुख्य आकर्षण रहीं। इसके अतिरिक्त, बाईराम, बाबा बालक नाथ, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद डोटासरा के साथ विधायक पुसाराम गोदारा का नामांकन दृश्य, दूधवाले गुर्जर बाइकों पर और नृत्य करती बालाएं भी आकर्षण का केंद्र रहीं। चंग मंडली के फाल्गुनी गीत, डीजे पर थिरकते युवा, गोगा निशान यात्रा और लव जिहाद की झांकी भी शामिल थीं।
बंदोरी में गणगौर पूजती कन्याएं, ड्रम कांड, शिव दरबार, राम दरबार, नाचते बंदरों का समूह और घोड़े पर सवार राम-लक्ष्मण की मनमोहक झांकियां भी देखने को मिलीं। यह बंदोरी शहर के प्रमुख बाजारों से गुजरी, जहां लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। शहरवासियों ने जगह-जगह पानी, चाय और ठंडे पेय के साथ बंदोरी का स्वागत किया। इस अवसर पर बनवारीलाल महेरीवाल, शंकरलाल गुरावा, जयदेव प्रसाद माली, श्याम पारीक, देवानंद पीपलवा, सुशील हारित, किशोर बिजारणियां, मुरलीधर मंडगिरा, भाजपा नेता अरविंद इन्दौरिया, विनोद डागा, विकास रिणवा, कुनाल व्यास, संजय भोजक, मनोज सैनी, गोविन्दप्रसाद सोनी, हरिप्रसाद माली, बनवारीलाल बील, मनीष रिणवा, भीखाराम पारीक, मनोज जोशी, अशोक वर्मा, रामोतार नोखवाल, रामस्वरूप मिटावा, सुभाष वर्मा, केशव परोहित, भंवरलाल माली, रामावतार नौहाल, सुरेन्द्र नौहाल, बनवारी स्वामी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद थे।


