रतननगर में महाराणा प्रताप की अष्टधातु की चेतक पर सवार मूर्ति स्थापित की जाएगी, शिलान्यास किया

भास्कर न्यूज | रतननगर चूरू रोड पर 33 केवी पावर हाउस के सामने बनने वाले महाराणा प्रताप वीर शिरोमणि प्रेरणा स्थल का गुरुवार को भूमि पूजन व शिलान्यास हुआ। वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप विकास समिति के सरक्षक भंवरलाल, संपत देवी के पुत्र बसंत हीरावत व अभय हीरावत के सौजन्य से होने वाले निर्माण के तहत महाराणा प्रताप की अष्टधातु की चेतक पर सवार मूर्ति स्थापित की जाएगी। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र सिंह राठौड़ थे। कलेक्टर अभिषेक सुराणा, महाराणा प्रताप विकास समिति के अध्यक्ष कैप्टन दलीप सिंह राठौड़ व उप वन संरक्षक भवानी सिंह मंचस्थ अतिथि थे। पूर्व नेता प्रतिपक्ष राठौड़ ने कहा कि कहा कि हीरावत परिवार अपनी गाढ़ी कमाई में से देश के महान सपूतों की यादगार में स्मारक बना रहा है। कलेक्टर सुराणा ने कहा कि इस प्रकार के काम से आम लोगों का जुड़ाव होना जरूरी है, जिससे ये उपलब्धियां वर्षों तक संरक्षित रह सके और लोग इनसे प्रेरणा ले पाएं। प्रारंभ में प्रो. केसी सोनी ने रतननगर व थैलासर के इतिहास व महापुरुषों के बारे में बताया। पूर्व चेयरमैन गोविंदप्रसाद शर्मा, पवन यादव ने विचार व्यक्त किए। बसंत हीरावत ने हनुवंतपुरा से मेघसर सड़क का महाराणा प्रताप के नाम नामकरण किए जाने का प्रस्ताव दिया। संचालन संपत तंवर ने किया। समिति अध्यक्ष राठौड़ ने बताया कि महाराणा प्रताप वीर शिरोमणि प्रेरणा स्थल को लेकर इस प्रोजेक्ट का तीन हजार वर्ग मीटर की भूमि में प्लान किया है। इसमें मुख्य रूप से वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की अष्टधातु की चेतक पर सवार मूर्ति स्थापित की जाएगी। दोनों तरफ महाराणा प्रताप के मुख्य सिपहसालार मान सिंह झाला, पूजा भील, हाकिम खां सुरी आदि की मूर्तियां लगाई जाएंगी। बीच में पार्क बनाया जाएगा, जिसके दोनों तरफ लोकदेवता गोगाजी महाराज, पाबूजी महाराज, बाबा रामदेव महाराज, वीर तेजाजी, मीरा बाई, वीर सपूत वीर दुर्गादास राठौड़, महाराणा सूरजमल, पन्नाधाय की मूर्तियां भी स्थापित की जाएंगी। पार्क में फव्वारे भी लगाए जाएंगे। इसके अलावा प्रेरणा स्थल में संग्रहालय और राजस्थान के महापुरुषों के जीवन का विस्तार पूर्वक जीवन का वर्णन होगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *