रतलाम जिले के रिंगनोद और बड़ावदा थाना क्षेत्र के बीच से गुजर रही मलेनी नदी में रविवार दोपहर एक डोंगी (नाव) पलट गई। इसमें सवार तीन युवक नदी में गिर गए। इनमें से दो युवक तैरकर बाहर आ गए और मौके से भाग निकले, जबकि एक युवक डूब गया। सूचना मिलने पर पुलिस और एसडीईआरएफ की टीम ने रेस्क्यू शुरू किया, लेकिन अंधेरा होने के कारण रात 7 बजे ऑपरेशन रोक दिया गया। अब सोमवार सुबह फिर से तलाश शुरू की जाएगी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नाव में बड़ावदा थाना क्षेत्र के गांव ऊंणी के तीन युवक सवार थे। जो युवक डूबा है, उसकी पहचान भोला (पुष्कर) लोहार निवासी ऊंणी के रूप में हुई है। वहीं, तैरकर बाहर निकले दो अन्य युवक भी ऊंणी गांव के ही बताए जा रहे हैं। पुलिस अब उन दोनों की तलाश कर रही है। बैलेंस बिगड़ने से हुआ हादसा घटना दोपहर करीब 2 बजे की है। तीनों युवक नाव में बैठकर मछली पकड़ने के लिए नदी के बीच चले गए थे। वहां अचानक नाव का बैलेंस बिगड़ गया और वह पलट गई। तीनों युवक पानी में गिर गए। दो युवकों ने तैरकर अपनी जान बचा ली, लेकिन वे मौके पर रुकने के बजाय भाग गए। 20 फीट गहरी है नदी बड़ावदा की तरफ से आ रही नदी का किनारा रिंगनोद की तरफ आता है। यहां पिंगला और मलेनी नदी का संगम भी है। नदी की गहराई करीब 20 फीट है और दोनों तरफ के किनारों की चौड़ाई 200 मीटर से अधिक है। युवक को तलाशने के लिए गांव के तैराकों को भी लगाया गया था, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। दो थाने का पुलिस फोर्स मौजूद जावरा एसडीओपी संदीप मालवीय ने बताया, “घटना के दौरान प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दो युवक तैर कर बाहर निकल गए। लेकिन वह मौके पर नहीं रुके। एक युवक डूब गया है। जिसकी तलाश की गई। लेकिन नहीं मिला है।” मौके पर रिंगनोद और बड़ावदा थाने का पुलिस फोर्स मौजूद रहा।


