रतलाम के थाना औद्योगिक क्षेत्र अंतर्गत गंगासागर कॉलोनी में मंगलवार रात पति के साथ पैदल टहल रही महिला के गले से बाइक सवारों ने मंगलसूत्र झपटा। मंगसलूत्र टूट कर महिला के कपड़े पर गिर गया। पति ने बाइक सवारों को पकड़ने की कोशिश की तो एक पैदल भाग गया। एक को बाइक समेत पकड़ लिया। रात में महिला ने थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। मंगलसूत्र झपटने की घटना सोनाली पति रितेश शर्मा निवासी एमआईजी 40 गंगासागर कॉलोनी के साथ हुई है। महिला ने रिपोर्ट ने बताया मंगलवार रात 8.45 बजे पति के साथ गंगासागर कालोनी में घूम रही थी। कॉलोनी में शिवजी के मंदिर के सामने टर्न पर पीछे से एक बाइक पर दो व्यक्ति आए। बाइक पर पीछे बैठे व्यक्ति ने मेरे गले में पहना सोने का मंगलसुत्र पर झपटा मारा। मंगलसूत्र झपटा मारने से टूट कर मेरे कपडे पर गिर गया। मैं चिल्लाई तो पति थोड़ा आगे चल रहे थे। उन्होंने बाइक चालक व उसके पीछे बैठे व्यक्ति को पकडने की कोशिश की। बिना नंबर की बाइक से आए पीछे बैठा व्यक्ति बाइक से उतरकर भाग गया। बाइक चालक को पति ने पकड लिया। शोर मचाने पर आसपास से परिजन व अन्य लोग भी आ गए। फिर पुलिस को सूचना दी। बदमाश बिना नंबर की बाइक से आए थे। रात 10.30 एफआईआर होने के बाद महिला परिजनों के साथ अपने घर रवाना हुई। महिला ने बताया कि मंगलसूत्र डेढ़ तोले सोने का है। पीछे से आकर गले पर झपटा मारा था। संदिग्ध हिरासत में बताया जा रहा है कि जिस बदमाश को पकड़ा है वह भी उसी कॉलोनी क्षेत्र का रहने वाला है। थाना प्रभारी सत्येंद्र रघुवंशी ने बताया अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है। एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।


