रतलाम में सांसद बोले- मंत्रियों ने क्या कहा नहीं पता:लाड़ली बहना पर बयानबाजी से झाड़ा पल्ला; मंत्री काश्यप ने कांग्रेस को घेरा

प्रदेश सरकार के मंत्रियों द्वारा लाड़ली बहना योजना को लेकर की जा रही बयानबाजी पर राज्यसभा सांसद बंशीलाल गुर्जर ने रतलाम में प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “किसने क्या कहा मुझे नहीं मालूम है। लेकिन ऐसा नहीं होना चाहिए।” सांसद केंद्रीय बजट को लेकर पत्रकारों से चर्चा कर रहे थे। इस दौरान कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप ने भी बजट की खूबियां गिनाईं और कांग्रेस पर निशाना साधा। सांसद गुर्जर बजट में महिला सशक्तिकरण की बात कर रहे थे। तभी पत्रकारों ने सवाल किया कि एक तरफ आप महिला सशक्तिकरण की बात कर रहे हैं, दूसरी तरफ मंत्री विजय शाह व मंत्री करण सिंह लाड़ली बहना को लेकर बयानबाजी कर रहे हैं। इस पर सांसद का कहना था, “किसने क्या कहा, मुझे नहीं मालूम। यह उनका इंडिविजुअल मैटर है।” जब उन्हें बताया गया कि मंत्रियों ने सार्वजनिक रूप से बयान दिए हैं, तब सांसद बोले, “लेकिन ऐसा नहीं होना चाहिए।” उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण की दिशा में मध्य प्रदेश व भारत सरकार ने जो काम किया है, वह अद्वितीय है। मैं शिवराज सिंह चौहान व डॉ. मोहन यादव को धन्यवाद दूंगा कि देश की 50 प्रतिशत आबादी को इंपोर्टेंस देने के लिए लाड़ली बहना जैसी योजना चलाई। ‘कांग्रेस ने चिंता की होती तो हम चीन से आगे होते’ कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप ने कहा कि 2014 के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने बजट की अवधारणा को बदल दिया है। उन्होंने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा, “70 से 75 साल पहले कांग्रेस के शासन काल में इनके प्रधानमंत्रियों ने चिंता की होती तो देश के बजट की दिशा क्या होती? चीन भी उसी समय आजाद हुआ था, लेकिन उसने विकास की दौड़ हमसे ज्यादा लगाई और भारत की दौड़ कमजोर रही। क्योंकि एक ही परिवार के तीन-चार प्रधानमंत्रियों का एक ही कार्य था अपने परिवार के व्यक्ति को बैठाकर रखना।” काश्यप ने कहा कि कांग्रेस के समय बजट का मतलब सिर्फ कीमतों को कम-ज्यादा करना होता था। जबकि मोदी जी ने इसे बदलकर संपूर्ण विकास के साथ देश को आगे ले जाने का उद्देश्य पूरा किया है। विकसित भारत के संकल्प का आधार सांसद ने कहा कि 2026-2027 का केंद्रीय बजट विकसित भारत 2047 के संकल्प का आधार रखेगा। यह बजट हर वर्ग के कल्याण की कल्पना पर आधारित है। इसमें गरीब, किसान, युवा, महिला, मध्यम वर्ग और उद्यमी के सशक्तिकरण की दिशा निहित है। इससे मध्यम वर्ग को बड़ी राहत मिली है और किसानों के लिए भी यह सकारात्मक है। युवाओं के लिए AVGC लैब्स मंत्री काश्यप ने बताया कि यह बजट युवा केंद्रित है। युवाओं के कौशल विकास और रोजगार के व्यापक अवसर हैं। शिक्षा से रोजगार एवं उद्यम स्थायी समिति का गठन और 15 हजार माध्यमिक विद्यालयों व 500 महाविद्यालयों में ए.वी.जी.सी. (एनिमेशन, विजुअल इफेक्ट्स, गेमिंग और कॉमिक्स) कंटेंट क्रिएटर लैब की स्थापना की जा रही है। पत्रकार वार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, महापौर प्रह्लाद पटेल, जिला महामंत्री जयवंत कोठारी, मीडिया प्रभारी अरुण त्रिपाठी और सह प्रभारी निलेश बाफना मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *