‘रन फॉर ग्रीऩ’ का आयोजन:मेयर सौम्या गुर्जर ने झंडी दिखाकर किया रवाना; मंत्री हीरालाल नागर ने विजेताओं को बांटे पुरस्कार

हरित ऊर्जा से पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के लिए राजस्‍थान सोलर एसोसिएशन की ओर से ‘रन फॉर ग्रीन’ का आयोजन किया गया। अल्‍बर्ट हॉल पर जयपुर ग्रेटर महापौर डॉ सौम्या गुर्जर ने झंडी दिखाकर मैराथन को रवाना किया। साढ़े 8 किलोमीटर की यह दौड़ जवाहर सर्किल पर पूरी हुई। यहां ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने विजेताओं को पुरस्कार बांटे। इस मौके पर राजस्‍थान सोलर एसोसिएशन के अध्‍यक्ष सुनील बंसल और सीईओ नितिन अग्रवाल,भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश महामंत्री जितेंद्र गोयल और मंत्री अमित परनामी भी मौजूद रहे। वासुदेव ने पहला, राजवीर ने दूसरा और कंचन कुमावत ने तीसरा स्थान हासिल किया। मैराथन में स्कूल- कॉलेज के स्टूडेंट्स के साथ प्रदेशभर से विभिन्‍न संस्‍थाओं के सैकड़ों महिला और पुरुषों ने भाग लिया। ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने कहा कि कार्बन उत्‍सर्जन वैश्विक समस्या है, हरित ऊर्जा ही इसका समाधान है। राजस्‍थान हरित ऊर्जा में देश ही नहीं विश्व का नेतृत्व करने की क्षमता है। विश्व भर के निवेशक और उद्यमी राजस्‍थान की ओर देख रहे हैं। इसलिए राइजिंग राजस्‍थान में ग्रीन एनर्जी में ही सबसे ज्यादा एमओयू हुए हैं। “रन फॉर ग्रीन” जैसे आयोजनों से जनता में जागरूकता का संचार होता है। जयपुर ग्रेटर मेयर डॉ. सौम्या गुर्जर ने कहा कि सौर ऊर्जा के क्षेत्र में राजस्‍थान परचम लहरा रहा है। “रन फॉर ग्रीन” से हम ग्रीन एनर्जी के साथ ग्रीन सिटी और क्लीन सिटी का संदेश दे रहे हैं। हमारा प्रयास है कि हमारा जयपुर शहर स्वच्छ रहे और शहरवासी स्वस्थ रहें। राजस्‍थान सोलर एसोसिएशन के अध्‍यक्ष सुनील बंसल ने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पीएम सूर्य घर योजना शुरू कर घर- घर सोलर ऊर्जा पहुंचाने की मुहिम शुरू की है। हमारा एसोसिएशन मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर के दिशा- निर्देशों से राजस्‍थान के हर घर में सोलर ऊर्जा को पहुंचाने का प्रयास कर रहा है। इसकी जागरूकता के लिए हमने इस “रन फॉर ग्रीन” का आयोजन किया है। उन्होंने कहा- इसे प्रदेशभर से युवा, महिला और पुरुषों ने भारी संख्या में आकर सफल बनाया है। राजस्‍थान सोलर एसोसिएशन 17 से 19 जनवरी तक जेईसीसी में भारत सोलर एक्सपो- 2025 का भी आयोजन कर रहा है। राइजिंग राजस्‍थान में 70 प्रतिशत एमओयू के सोलर सेक्‍टर में होने के बाद सोलर एक्सपो के माध्यम से राजस्‍थान के सोलर सेक्‍टर में व्यापार और रोजगार के नए अवसरों को दिशा दी जाएगी। आरएसए के सीईओ नितिन अग्रवाल ने “रन फॉर ग्रीन” में भाग लेने वाले सभी का आभार व्यक्त किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *