प्रदेश में भाजपा सरकार का एक साल का कार्यकाल पूर्ण होने को लेकर गुरुवार सुबह पाली रन फॉर विकसित राजस्थान का आयोजन किया गया। शहर के व्यास सर्किल से रेस का आयोजन गुरुवार सुबह करीब आठ बजे किया गया। जिसमें स्टूडेंट, स्काउट-गाइड, खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। रेस में भाग लेने वाले स्टूडेंट के हाथ में खेलेगा राजस्थान, खिलेगा राजस्थान जैसे कई तरह के स्लोगन लिखी तख्तियां थी। हरी झंडी दिखाकर रेस को रवाना किया गया। जो व्यास सर्किल से सूरजपोल, लोढ़ा स्कूल, हिन्दू सेवा मंडल होते हुए वापस बांगड़ स्कूल पहुंच सम्पन्न हुई। रेस में बड़ी संख्या में स्टूडेंट, स्काउट-गाइड और खिलाड़ियों ने भाग लिया। इससे पहले स्टूडेंट को संबोधित करते हुए उन्हें पढ़ाई के साथ अपनी हॉबी के अनुसार किसी न किसी गेम में भाग लेने के लिए प्रेरित किया गया। ताकि उनका शारीरिक और मानसिक विकास बेहतर हो सके। इस दौरान जिला कलेक्टर एलएन मंत्री, अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ. बजरंगसिंह, अतिरिक्त जिला कलक्टर सीलिंग भवानीसिंह, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मुकेश चौधरी, नगर विकास न्यास सचिव पूजा सक्सेना, नगर परिषद आयुक्त नवीन भारद्वाज सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।


