आप खेती-किसानी से जुड़े किस विषय पर जानकारी चाहते हैं, वॉट्सएप नंबर 8092597083 पर सिर्फ मैसेज करें। डॉ. अशोक कृिष वैज्ञानिक गढ़वा । गढ़वा | कृषि वैज्ञानिक डॉ. अशोक कुमार ने कहा है कि मौसम पूर्वानुमान अनुसार मौसम साफ रहने के साथ दिन में गर्मी का एहसास होगा। रात की ठंडक में गिरावट होगी। दिन का अधिकतम तापमान 30 से 32 और रात का न्यूनतम 13 से 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। मौसम शुष्क रहेगा। इसलिए रबी की वैसी फसलें जो अभी हरी है, उसमें सिंचाई का प्रबंध रखें। आम, अमरूद, पपीता, लीची या अन्य पुष्पित फलों-सब्जियों में चूर्णी बग (छोटे-छोटे धूसर रंग के किट जिसके ऊपर रुइनुमा सफेद चूर्ण नजर आता है) दिखाई दे तो जड़ों के नजदीक निराई-गुड़ाई कर क्लोरोपायरीफॉस कीटनाशक का घोल 4 मिलीलीटर प्रति लीटर पानी के दर से घोलकर इस तरह से पटावें की जड़ के आसपास की मिट्टी अच्छी तरह भीग जाए और इसी कीटनाशक का 2 या इमिडाक्लोप्रिड 1 मिलीलीटर प्रति लीटर पानी में घोलकर पौधे पर 10-15 दिन के अंतराल पर 2 से 3 बार छिड़काव करें। घोल में थोड़ा शैंपू भी मिलाएं। कद्दू वर्गीय सब्जियों में लाल कद्दू गुबरैला किट का आक्रमण हो रहा हो तो मिथाइलडेमेटोंन 25 ई.सी. का 1 से 1.5 मिलीलीटर प्रति लीटर पानी में घोलकर आवश्यकतानुसार एक से दो छिड़काव करें। गर्मा फसलों की बुवाई अब शीघ्र संपन्न करें। खीरा की खेती हेतु जापानी लॉन्ग ग्रीन, पूसा संयोग, बालम खीरा, पूना खीरा, स्वर्ण अगेती, काशी दिव्या, झिंगी में पूसा नसदार, सत्पुतिया, स्वर्ण मंजरी, स्वर्ण उपहार, नेनुआ में पूसा चिकनी, लॉन्ग ग्रीन, लॉन्ग व्हाइट, पूसा सुप्रिया जैसे उन्नत प्रभेदों का चयन करें। हरी मिर्च में कैलिफोर्निया वंडर, चाइनीज जाइंट, येलो वंडर एवं भारत तथा मसाला मिर्च में काशी अर्ली, आंध्र ज्योति, पूसा सदाबहार, एचपी 46 जैसे प्रभेदों का चयन करें।


