रवनीत सिंह बिट्‌टू का अकाली दल पर निशाना:वोट के लिए एक डेरे के पीछे लगकर करवाई गुरुग्रंथ साहिब की बेअदबियां

केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्‌टू ने एक बार फिर से शिरोमणि अकाली दल पर तीखा हमला किया है। बिट्‌टू ने अकाली दल पर आरोप लगाया कि उन्होंने चंद वोटों के लिए एक डेरे के पीछे लगकर गुरुग्रंथ साहिब की बेअदबी करवाई है। यही नहीं रवनीत सिंह बिट्‌टू ने अकाली दल पर पंजाब में चिट्‌टा लाने का भी आरोप लगाया। बिट्टू ने कहा कि पंजाब में सभी को पता है कि चिट्‌टा लेकर कौन आया और गुरुग्रंथ साहिब जी की बेअदबियां किसने करवाई हैं। वहीं बिट्‌टू के बयान पर अकाली दल ने भी प्रतिक्रिया जाहिर की और कहा कि बिट्‌टू के बयान को गंभीरता से न लिया जाए। रवनीत सिंह बिट्‌टू अपने दादा और पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह के जन्म दिवस के समारोह में उपस्थित होने के लिए पहुंचे थे। बिट्‌टू ने समारोह के बाद पत्रकारों से बात करते हुए अकाली दल पर जमकर हमला किया है। रवनीत सिंह बिट्‌टू पहले भी अकाली दल पर हमले करते रहे हैं। बिट्‌टू नशे के मुद्दे पर शुरू से अकाली दल को घेरते रहे हैं। कुछ दिन पहले भी उन्होंने गठबंधन के सवाल पर कहा था कि वो नशा बेचने वालों के साथ किस मुंह से वोट मांगने जाएंगे। बिट्‌टू ने शिरोमणि अकाली दल पर लगाए ये अहम आरोप… पंजाब में चिट्‌टा कौन लाया सबको पता: रवनीत सिंह बिट्‌टू ने कहा कि पंजाब में चिट्‌टा लाने वाले कौन हैं किसी को भी पूछ लो सबको पता है। उन्होंने कहा कि पंजाब में चिट्‌टा लाने वाला अकाली दल ही है। पूरा पंजाब नशे के दल में डूबा हुआ है। डेरे के पीछे लगकर करवाई बेअदबी: रवनीत सिंह बिट्‌टू ने कहा कि चंद वोट लेने के लिए अकाली दल एक डेरे के पीछे लग गया और राज्य में श्री गुरुग्रंथ साहिब जी की बेअदबियां हुई। सरे आम गुरुग्रंथ साहिब जी के अंग फाड़े गए और कोई कार्रवाई नहीं की। किस मुंह से कह रहे हैं वीर सुखबीर: रवनीत सिंह बिट्‌टू ने अपने बयान में कहा है कि अकाली दल से लोग भावनात्मक तौर से जुड़े थे लेकिन जब अकाली दल ने पंजाब को नशे के गर्त में डूबा दिया और बेअदबियां करवाई तो लोगों ने उनसे दूरियां बना दी। उन्होंने कहा कि जो गुरु के नहीं हुए वो तुम्हारे कैसे हो जाएंगे। किस मुंह से वीर सुखबीर कह रहे हैं। अकाली दल बोला, नए नए भाजपाई हैं इनकी बात को सीरियसली न लें अकाली नेता अर्शदीप सिंह कलेर ने कहा कि रवनीत सिंह बिट्‌टू नए-नए भाजपाई बने हैं। इनके बयान को सिरियसली न लें। इनको पता नहीं होता कि कब क्या कहना है और कब क्या? ये कुछ भी कह देते हैं। इनको पता ही नहीं है कि अकाली दल पर जो आरोप लगा रहे हैं उस समय सूबे में भाजपा भी सरकार में थी। रही बात बेअदबियों की तो बिट्‌टू जब कांग्रेस में थे तो तब भी बेअदबियां हुई हैं। कलेर को बीजेपी का जवाब: भाजपा प्रवक्ता प्रितपाल सिंह बलियेवाल का कहना है कि अकाली दल के साथ भाजपा सरकार में थी लेकिन पावर तो अकाली दल के हाथ में थी। मुख्यमंत्री गृहमंत्री सब अकाली दल के थे। भाजपा के मंत्रियों ने तब भी विरोध जताया था। बलियेवाल का कहना है कि मैं यह नहीं कहता कि सुखबीर बादल ने बेअदबी करवाई है। लेकिन सरकार तो उनकी ही थी। वहीं श्री अकाल तख्त के सामने जब पार्टी प्रधान ने सब कुछ स्वीकार कर लिया तो अकाली दल को अब इसे स्वीकार कर लेना चाहिए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *