भास्कर न्यूज | कवर्धा/कुकदूर कुकदूर थाना क्षेत्र के गभोडा गांव में हुई रूपेश यादव हत्याकांड के दो आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। प्रेम प्रसंग के चलते आरोपियों ने रूपेश की हत्या की थी। रस्सी से बांधकर रातभर आरोपियों ने उसे डंडे से पीटा था। फिर सुबह थाने जाकर आरोपी ने खुद ही पुलिस बुलाई। घर पहुंच कर पुलिस ने देखा, तो रूपेश की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने सोमवार को मामले का खुलासा किया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी अमर सिंह पिता मंगल सिंह (30) और राम सिंह (25) दोनों सगे भाई हैं। घटना 17 मई की रात की है। मृतक रूपेश यादव का आरोपी अमर सिंह की पत्नी से प्रेम संबंध था। इसके चलते ही 17 मई की शाम रूपेश मिलने के लिए ग्राम गभोडा में उसके घर पहुंचा था। उस वक्त घर में दोनों अकेले थे। कुछ देर बाद आरोपी रामसिंह घर आया, तो अपनी भाभी व रूपेश को आपत्तिजनक हालत में देखा। उसने अपने बड़े भाई अमर सिंह को फोन कर बुलाया और वारदात को अंजाम दिया। पंचनामा के बाद कुकदूर में हुआ पीएम पंचनामा कार्रवाई के बाद पुलिस ने शव को सामुदायिक अस्पताल कुकदूर के मरच्यूरी भेजा। मृतक के पूरे शरीर पर चोंट के कई निशान मिले, जो पिटाई के कारण उभरे थे। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द किया गया। रविवार शाम को ही उसका अंतिम संस्कार किया गया।