रांची के अनगड़ा में शराब दुकान में फायरिंग:अपराधियों ने चलाई पांच राउंड गोलियां, CCTV में कैद हुए आरोपी, पहचाने गए सभी

रांची जिले के अनगड़ा थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम अपराधियों ने एक शराब दुकान पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर इलाके में सनसनी फैला दी। जानकारी के अनुसार बदमाशों ने दुकान पर कुल पांच राउंड गोलियां चलाईं। घटना के समय दुकान पर ग्राहक और कर्मचारी मौजूद थे। अचानक हुई फायरिंग से वहां अफरा-तफरी मच गई। आसपास के दुकानदारों ने भी अपनी दुकानें बंद कर दीं। गनीमत रही कि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शाम के समय इस तरह की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। देव सिंह मुंडा समेत तीन पर आरोप पुलिस के मुताबिक फायरिंग की इस घटना को देव सिंह मुंडा और उसके दो साथियों ने अंजाम दिया है। घटना से संबंधित सीसीटीवी सामने आया है। जिसमें साफ देखा जा सकता है कि एक अपराधी का चेहरा ढका हुआ है, जबकि दो के चेहरे साफ दिख रहे हैं। सभी बाइक से आए थे। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में आरोपी हथियार लहराते और फायरिंग करते साफ नजर आ रहे हैं। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे अन्य कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की गतिविधियों और भागने के रूट का पता लगाया जा सके। पुलिस की छापेमारी जारी, सुरक्षा बढ़ाई गई घटना की सूचना मिलते ही अनगड़ा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई। थाना प्रभारी गौतम कुमार रजवार ने बताया कि मुख्य आरोपी की पहचान देव सिंह मुंडा के रूप में कर ली गई है। उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लेगी। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत थाना को दें।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *